बिहार की राजधानी पटना में साइबर अपराध के बड़े नेटवर्क के खिलाफ एसटीएफ ने बुधवार सुबह बड़ी कार्रवाई की है। एसटीएफ और स्थानीय थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने शहर के तीन अलग-अलग अपार्टमेंट में एक साथ छापेमारी की। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, इस दौरान 30 से 40 लोगों को हिरासत में लिए जाने की सूचना है। हालांकि, पुलिस ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
दरअसल, साइबर अपराध से जुड़े एक बड़े नेटवर्क के संचालन की गुप्त सूचना मिलने के बाद एसटीएफ ने यह कार्रवाई की है। पुलिस की टीमें सुबह करीब आठ बजे तीन अलग-अलग ठिकानों पर पहुंचीं और जांच शुरू कर दी।
पहली छापेमारी शास्त्रीनगर थाना क्षेत्र के राजा बाजार स्थित मछली गली के सुशीला रेजिडेंसी अपार्टमेंट में की गई। दूसरी टीम ने बोरिंग रोड के मोंटेसरी गली स्थित मेरिडियन अपार्टमेंट के ए-ब्लॉक के तीसरे तल पर फ्लैट नंबर 301-A में दबिश दी। वहीं, तीसरी कार्रवाई पत्रकार नगर थाना क्षेत्र के साइन कुसुम इन्फिनिटी अपार्टमेंट में की गई।
मेरिडियन अपार्टमेंट के गार्ड मुन्ना के मुताबिक, एसटीएफ की टीम सुबह आठ बजे पहुंची थी। संबंधित फ्लैट कुणाल नाम के व्यक्ति ने किराये पर लिया था। गार्ड ने बताया कि फ्लैट में मोनू, कुणाल और उनके माता-पिता रहते हैं। वहीं, फ्लैट के मालिक साइबर कैफे चलाते हैं।
छापेमारी के दौरान कई अहम दस्तावेज बरामद होने की भी जानकारी सामने आ रही है। पुलिस संदिग्ध फ्लैटों और वहां संचालित गतिविधियों की जांच कर रही है।
खास बात यह है कि पत्रकार नगर स्थित साइन कुसुम इन्फिनिटी अपार्टमेंट में इससे पहले एनआईए भी छापेमारी कर चुकी है। उस समय झारखंड के आरएसएस कार्यालय पर हुए हमले से जुड़े मामले की जांच की जा रही थी।
फिलहाल तीनों ठिकानों पर पुलिस की कार्रवाई जारी है। हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ और बरामद दस्तावेजों की जांच के बाद साइबर अपराध के नेटवर्क को लेकर बड़े खुलासे हो सकते हैं। अब सबकी नजर पुलिस के आधिकारिक बयान पर है।






