बिहार के कटिहार जिले में तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला है। पोठिया थाना क्षेत्र के एनएच-31 पर बखरी मोड़ स्थित बजरंगबली स्थान के पास ट्रक, टेंपो और ट्रैक्टर के बीच जोरदार टक्कर हो गई। इस भीषण हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। तीनों मृतक एक ही गांव के रहने वाले थे।
घटना सुबह की है, जब एनएच-31 पर बखरी मोड़ के समीप तीन वाहनों के बीच भीषण टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि इसकी चपेट में चार युवक आ गए। हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
मृतकों की पहचान समेली प्रखंड के विष्णुचक गांव, बिशनपुर चांदपुर पंचायत के वार्ड संख्या-9 निवासी 22 वर्षीय जितेंद्र कुमार साह उर्फ जीतू, 35 वर्षीय भीम कुमार साह और 32 वर्षीय बाजू कुमार साह के रूप में हुई है। वहीं, घायल युवक की पहचान 24 वर्षीय मनीष कुमार साह के रूप में की गई है। मनीष का इलाज कटिहार मेडिकल कॉलेज अस्पताल में चल रहा है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, हादसा सुबह के समय हुआ। सड़क पर धुंध रहने के कारण वाहनों के अनियंत्रित होने और टक्कर होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, दुर्घटना के वास्तविक कारणों का अभी खुलासा नहीं हुआ है।
प्रत्यक्षदर्शी राहुल कुमार भारती ने बताया कि बखरी मोड़ स्थित बजरंगबली स्थान के पास ट्रक, टेंपो और ट्रैक्टर के बीच जोरदार टक्कर हुई, जिसमें चार युवक इसकी चपेट में आ गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया। वहीं, घायल युवक को बेहतर इलाज के लिए कटिहार मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया। मृतकों की पहचान के बाद परिजनों को सूचना दी गई। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में मातम पसर गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है।






