जामताड़ा: जिले में झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (जेटेट) 2026 रविवार, 1 नवंबर को कड़ी सुरक्षा एवं प्रशासनिक निगरानी के बीच शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। जिले के कुल 20 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित इस परीक्षा में दोनों पालियों को मिलाकर 7,968 परीक्षार्थी शामिल हुए। परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और कदाचारमुक्त बनाने के लिए जिला प्रशासन की ओर से व्यापक इंतजाम किए गए थे।
उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आलोक कुमार एवं पुलिस अधीक्षक शंभू कुमार सिंह के संयुक्त पर्यवेक्षण में परीक्षा का संचालन कराया गया। प्रथम पाली में उच्च प्राथमिक स्तर यानी कक्षा 6 से 8 के लिए कुल 5,984 परीक्षार्थियों में से 5,373 उपस्थित हुए, जबकि 611 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। वहीं, दूसरी पाली में प्राथमिक स्तर यानी कक्षा 1 से 5 के लिए कुल 2,772 परीक्षार्थियों में से 2,595 ने परीक्षा दी और 177 अनुपस्थित रहे।
परीक्षा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था और केंद्रों पर उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लेने के लिए उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। अधिकारियों ने परीक्षा संचालन की व्यवस्था देखी और संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। सभी केंद्रों पर निर्धारित व्यवस्था के तहत परीक्षा शांतिपूर्ण तरीके से संचालित हुई।
वहीं, परीक्षा पर लगातार नजर बनाए रखने के लिए समाहरणालय सभागार में जिला नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया था। नियंत्रण कक्ष पूरी तरह सक्रिय रहा और अपर समाहर्ता सह वरीय नोडल पदाधिकारी पूनम कच्छप ने इसकी निगरानी की।
परीक्षा के सफल आयोजन के बाद उपायुक्त आलोक कुमार ने सभी संबंधित पदाधिकारियों, कर्मियों, केंद्राधीक्षकों, पुलिस अधिकारियों, वीक्षकों और प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के प्रतिनिधियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि सभी के आपसी समन्वय, कर्तव्यनिष्ठा और सक्रिय सहयोग से परीक्षा का सफल आयोजन संभव हो सका।








