पलामू पुलिस ने गोवंशीय पशुओं की अवैध तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 10 गोवंशीय पशुओं को बरामद किया है। इस दौरान पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे एक बोलेरो पिकअप वाहन को जब्त करने के साथ ही उसके चालक को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक पलामू के निर्देश पर विश्रामपुर थाना पुलिस ने की है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान बिहार के रोहतास जिले के काराकाट थाना क्षेत्र के रघुनाथपुर गांव निवासी 24 वर्षीय गुड्डू कुमार के रूप में हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार, पलामू पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गोवंशीय पशुओं की अवैध तस्करी के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में विश्रामपुर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक सफेद रंग के बोलेरो पिकअप वाहन से अवैध रूप से ले जाए जा रहे कुल 10 गोवंशीय पशुओं को बरामद किया। मौके से वाहन चालक गुड्डू कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक नीले रंग का वीवो कंपनी का टच स्क्रीन मोबाइल फोन भी बरामद किया है। इसके साथ ही तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे बोलेरो पिकअप वाहन संख्या BR44GA5566 को जब्त कर लिया गया है।
इस मामले में विश्रामपुर थाना कांड संख्या 87/2026, दिनांक 1 नवंबर 2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 317(5)/3(5), झारखंड गोवंशीय पशु हत्या प्रतिषेध अधिनियम 2005 की धारा 12/13 तथा पशुओं के प्रति क्रूरता का निवारण अधिनियम 1960 की धारा 11 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
इस पूरी कार्रवाई में परिवीक्षाधीन पुलिस उपाधीक्षक मृत्युंजय गोप, विश्रामपुर थाना प्रभारी ऋषिकेश कुमार दुबे, सहायक अवर निरीक्षक नरसिंह उरांव सहित थाना के सशस्त्र बल शामिल रहे।
वहीं, पलामू पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि गोवंशीय पशुओं की अवैध तस्करी या पशुओं के प्रति क्रूरता से जुड़ी कोई भी सूचना मिलने पर तत्काल स्थानीय थाना या पुलिस को सूचित करें। पुलिस ने ऐसे मामलों में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की बात कही है।
संवाददाता – सत्यम शुक्ला, पलामू।








