उत्तर प्रदेश के कुशीनगर में देर रात एक भीषण सड़क हादसे में सात लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा हाटा कोतवाली क्षेत्र के हाटा-पिपराइच मार्ग पर थरुआडीह के पास हुआ, जहां ओमनी वैन और ट्रेलर के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वैन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। मृतकों में एक ही परिवार के पांच लोग शामिल हैं। सभी लोग एक रिश्तेदार के यहां तिलक समारोह में शामिल होकर अपने घर लौट रहे थे। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और मृतकों के गांव में मातम पसरा हुआ है।
दरअसल, कुशीनगर के हाटा कोतवाली क्षेत्र में देर रात यह दर्दनाक हादसा हुआ। घटना थरुआडीह के पास पेट्रोल पंप के नजदीक की है। जानकारी के मुताबिक, कप्तानगंज थाना क्षेत्र के भलुही गांव निवासी प्रधान प्रतिनिधि कन्हैया प्रसाद अपने परिवार और परिचितों के साथ देवराज पिपरा में एक रिश्तेदार के यहां तिलक समारोह में शामिल होने गए थे।
कार्यक्रम संपन्न होने के बाद सभी लोग ओमनी वैन से देर रात अपने घर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान हाटा-पिपराइच मार्ग पर सामने से आ रहे ट्रेलर से वैन की सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि वैन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोगों को बाहर निकालना मुश्किल हो गया।
इस हादसे में कन्हैया प्रसाद, उनके पिता रामबेलास, राम मिलन, आयुष समेत कुल सात लोगों की मौत हो गई। मृतकों में एक ही परिवार के पांच सदस्य बताए जा रहे हैं। वहीं दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण और पुलिस मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद वैन में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया। दुर्घटना की खबर जैसे ही भलुही गांव पहुंची, पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
वहीं, हादसे के बाद ट्रेलर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।





