पलामू / संवाददाता सत्यम शुक्ला की रिपोर्ट
पलामू में पुलिस जवान की बड़ी लापरवाही का मामला सामने आया है। मेदिनीनगर के रेडमा में जेटेट (JTET) परीक्षा ड्यूटी पर तैनात जवान संजीव तिवारी का सरकारी एसएलआर हथियार अचानक गायब हो गया। हथियार गायब होने की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। घंटों की खोजबीन के बाद हथियार जवान के घर में ही सोफे के नीचे से बरामद हुआ। मामले को गंभीरता से लेते हुए पलामू एसपी कपिल चौधरी ने जवान के खिलाफ निलंबन और विभागीय कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू करने का निर्देश दिया है।
जानकारी के अनुसार, जेटेट परीक्षा ड्यूटी के दौरान जवान संजीव तिवारी का एसएलआर हथियार गायब हो गया था। इसके बाद जवान ने मेदिनीनगर टाउन थाना को सूचना दी। शुरुआत में जवान ने अधिकारियों को बताया कि उसने अपना हथियार गाड़ी में रखा था, जहां से वह चोरी हो गया। परीक्षा ड्यूटी के दौरान सरकारी हथियार गायब होने की खबर मिलते ही पुलिस अधिकारी हरकत में आ गए। वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर छानबीन शुरू की।
पुलिस ने जवान के घर और आसपास के इलाके में घंटों तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान जो सच्चाई सामने आई, उसने अधिकारियों को भी हैरान कर दिया। जिस एसएलआर हथियार के चोरी होने की बात कही जा रही थी, वह घर के अंदर ही सोफे के नीचे पड़ा मिला। इसके बाद पुलिस ने हथियार को सुरक्षित बरामद कर लिया।
मामले पर पलामू एसपी कपिल चौधरी ने बताया कि बिश्रामपुर एसडीपीओ चिरंजीवी मंडल से पूरे घटनाक्रम की विस्तृत रिपोर्ट मांगी गई है। जवान संजीव तिवारी की लापरवाही और अधिकारियों को भ्रामक जानकारी देने के आरोप में उसे निलंबित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। जवान मूल रूप से पलामू के चैनपुर का रहने वाला बताया जा रहा है।
एसपी के अनुसार, बरामद हथियार को सुरक्षित जब्त कर लिया गया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। इसके साथ ही जवान का मेडिकल परीक्षण भी कराया जा रहा है, ताकि घटना के समय उसकी शारीरिक स्थिति का पता लगाया जा सके। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जांच के आधार पर जवान के खिलाफ आगे की विभागीय कार्रवाई की जाएगी।








