समस्तीपुर जिले के सरायरंजन में एक पंच पति की गोली मारकर हत्या के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। शुक्रवार की देर रात हुई इस वारदात से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद शव पहुंचते ही बरुणा चौक के पास एनएच-322 पर रखकर सड़क जाम कर दिया। इस दौरान पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी हुई और प्रदर्शनकारियों ने पुलिस को गो बैक के नारे भी लगाए।
मामला सरायरंजन थाना क्षेत्र की रायपुर पंचायत अंतर्गत बरुणा रसलपुर का है। मृतक की पहचान सुबोध राय के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, शुक्रवार की देर रात हथियारबंद अपराधियों ने सुबोध राय को गोली मार दी। गोली लगने के बाद उन्हें अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। घटना के बाद से परिवार में मातम पसरा हुआ है।
शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद जब मृतक का शव गांव पहुंचा तो परिजनों और ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। लोगों ने बरुणा चौक के पास एनएच-322 को जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों की मांग थी कि हत्याकांड में शामिल अपराधियों को अविलंब गिरफ्तार किया जाए और समस्तीपुर एसपी स्वयं घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लें।
सड़क जाम के कारण एनएच-322 पर दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। इस दौरान ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए।
**बेटी की शादी से एक महीने पहले पिता की हत्या**
इस हत्याकांड ने परिवार को पूरी तरह तोड़कर रख दिया है। बताया जा रहा है कि सुबोध राय की बेटी की शादी महज एक महीने बाद होने वाली थी। घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं, लेकिन अपराधियों की इस वारदात ने परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया।
**गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी**
सरायरंजन थानाध्यक्ष धनंजय कुमार के अनुसार, पुलिस मामले की जांच कर रही है। अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। फिलहाल सड़क जाम समाप्त कराने को लेकर पुलिस और ग्रामीणों के बीच बातचीत जारी है।
अब बड़ा सवाल यह है कि आखिर सुबोध राय की हत्या में शामिल अपराधियों की गिरफ्तारी कब होगी और पीड़ित परिवार को न्याय कब मिलेगा?






