जामताड़ा में बीट पुलिसिंग व्यवस्था लागू, थाना क्षेत्र को तीन बीट में बांटा गया; अपराध पर निगरानी और जनता से सीधा संवाद होगा

जामताड़ा। झारखंड सरकार एवं पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर जामताड़ा थाना क्षेत्र में रविवार से बीट पुलिसिंग व्यवस्था लागू कर दी गई। पुलिस-पब्लिक को-ऑपरेशन की संकल्पना के तहत शुरू की गई इस व्यवस्था का उद्देश्य आम जनता और व्यवसायिक प्रतिष्ठानों की सुरक्षा सुनिश्चित करने, आपराधिक गतिविधियों पर सतत निगरानी रखने और लोगों में सुरक्षा का भाव मजबूत करना है। उपायुक्त जामताड़ा आलोक कुमार और पुलिस अधीक्षक शंभु कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से जामताड़ा थाना परिसर से बीट पुलिसिंग व्यवस्था का शुभारंभ किया।

 

Sponsored Advertisement

नई व्यवस्था के तहत जामताड़ा थाना क्षेत्र को तीन अलग-अलग बीट में बांटा गया है। प्रत्येक बीट में एक पुलिस अवर निरीक्षक, एक सहायक पुलिस अवर निरीक्षक और सशस्त्र प्रहरी की प्रतिनियुक्ति की गई है। संबंधित पुलिस पदाधिकारी अपने-अपने क्षेत्र में नियमित रूप से भ्रमण कर स्थानीय लोगों और व्यवसायियों से संपर्क स्थापित करेंगे। लोगों की समस्याओं और शिकायतों को सुनकर उनके समाधान के साथ आवश्यक पुलिस सहयोग उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है।

 

बीट नंबर-01 में पुलिस अवर निरीक्षक सुनील कुमार सिंह को प्रभारी और सहायक अवर निरीक्षक धर्मेन्द्र रजक को सहायक प्रभारी बनाया गया है। इस बीट में टावर चौक, बाजार रोड, पुराना हटिया, हिरनाडीह, महुलडंगाल, राजबाड़ी, रेलवे स्टेशन, इंदिरा चौक, पांडेडीह सहित आसपास के इलाके शामिल हैं।

 

बीट नंबर-02 की जिम्मेदारी पुलिस अवर निरीक्षक अभय कुमार और सहायक अवर निरीक्षक शशिभूषण पंडित को दी गई है। इसके अंतर्गत न्यू टाउन, सिनेमा हॉल, गांधी मैदान, आमबगान, सिद्धू-कान्हू चौक, सुभाष चौक, पाकडीह, राघवन और जज कॉलोनी क्षेत्र शामिल हैं।

 

वहीं, बीट नंबर-03 में पुलिस अवर निरीक्षक लाल बाबू प्रभारी और सहायक अवर निरीक्षक प्रदीप कुमार सिंह सहायक प्रभारी बनाए गए हैं। इस बीट में नूर मोहल्ला, पुराना व नया कोर्ट, बधुडीह, साहना, गायछन्द, कोर्ट रोड, पुराना कॉलेज, प्रेम धाम, मिहिजाम रोड, तिलाबाद और चाकड़ी क्षेत्र शामिल हैं।

 

बीट पुलिसिंग के तहत बैंक, एटीएम, सीएसपी, आभूषण दुकान, व्यवसायिक प्रतिष्ठान, धार्मिक स्थलों और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर विशेष निगरानी रखी जाएगी। पुलिस का कहना है कि नियमित गश्ती, जनता से संवाद और शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई के जरिए अपराध की रोकथाम तथा पुलिस-पब्लिक के बीच विश्वास को मजबूत किया जाएगा।

Related Posts

शाहकुंड में दुकान से 1.575 किलो गांजा बरामद, एक गिरफ्तार

भागलपुर: जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे ‘स्वस्थ युवा, स्वस्थ भागलपुर’ विशेष अभियान के तहत शाहकुंड थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने गुप्त सूचना के…

एक कट्ठा जमीन के विवाद में चाचा पर हसुआ से हमला, तीन उंगलियां कटीं; आरोपी गिरफ्तार

भागलपुर/नाथनगर: नाथनगर थाना क्षेत्र के नगर निगम वार्ड नंबर-4 स्थित सुजापुर में शनिवार दोपहर करीब डेढ़ बजे एक कट्ठा जमीन को लेकर पारिवारिक विवाद में मारपीट और जानलेवा हमले का…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *