अनंत सिंह ने जन सुराज प्रत्याशी डॉ. अनुज सिंह के समर्थन में नालंदा में किया प्रचार, जन आशीर्वाद यात्रा में जुटी भीड़
नालंदा। मोकामा से जेडीयू विधायक अनंत सिंह ने पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से जन सुराज के एमएलसी प्रत्याशी डॉ. अनुज सिंह के समर्थन में नालंदा में जन आशीर्वाद यात्रा निकाली। हरनौत से लेकर कतरीसराय तक निकली यात्रा के दौरान समर्थकों और कार्यकर्ताओं की भीड़ नजर आई। इस दौरान डॉ. अनुज सिंह के समर्थन में नारे लगाए गए और उनके पक्ष में मतदान की अपील की गई।
जन आशीर्वाद यात्रा के दौरान अनंत सिंह का काफिला नालंदा के विभिन्न इलाकों से गुजरा। बड़ी संख्या में समर्थक और कार्यकर्ता उनके साथ मौजूद रहे। यात्रा के दौरान लोगों से पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के जन सुराज प्रत्याशी डॉ. अनुज सिंह के पक्ष में मतदान करने की अपील की गई।
मंदिर में पूजा और श्रीकृष्ण सिंह को श्रद्धांजलि
यात्रा के दौरान अनंत सिंह ने छाछुबीघा स्थित साईं मंदिर में पूजा-अर्चना की। इसके बाद उन्होंने बिहार के प्रथम मुख्यमंत्री डॉ. श्रीकृष्ण सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी। छाछूबीघा गांव में उनके ऊपर जेसीबी से पुष्प वर्षा भी की गई।
दरअसल, पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से जन सुराज ने डॉ. अनुज सिंह को अपना प्रत्याशी बनाया है। अनंत सिंह पहले ही उनके समर्थन का ऐलान कर चुके हैं और लगातार उनके पक्ष में प्रचार कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि वे जन सुराज के स्नातक एमएलसी प्रत्याशी के समर्थन में घूम-घूमकर प्रबुद्ध मतदाताओं से वोट देने की अपील कर रहे हैं।
यात्रा के दौरान लगे नीतीश-निशांत के नारे
हालांकि जन आशीर्वाद यात्रा का उद्देश्य डॉ. अनुज सिंह के समर्थन में प्रचार करना था, लेकिन इस दौरान बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और निशांत कुमार के समर्थन में भी नारे लगाए गए।
मीडिया से बातचीत में अनंत सिंह ने कहा कि जनता इतना आशीर्वाद दे कि अनुज बाबू की जीत सुनिश्चित हो। उन्होंने आगे की कार्रवाई को लेकर भी अपनी बात रखी और कहा कि इसके बाद क्या कार्रवाई होती है, इससे उन्हें कोई फर्क नहीं पड़ता। यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी पुलिस बल की मौजूदगी रही।






