तारेगना टोक पर 15 अवैध शराब भट्ठियां ध्वस्त, 29,350 किलो जावा महुआ पास नष्ट

आरा। भोजपुर पुलिस ने अवैध महुआ शराब निर्माण के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत शुक्रवार को सोन नदी के बीच स्थित तारेगना टोक पर बड़े पैमाने पर छापेमारी की। भोजपुर एसपी के निर्देश पर हुई इस कार्रवाई में 15 अवैध महुआ शराब की भट्ठियों को ध्वस्त किया गया। साथ ही शराब बनाने के लिए रखा गया करीब 29,350 किलो जावा महुआ पास और 215 लीटर तैयार महुआ शराब नष्ट किया गया।

 

Sponsored Advertisement

पुलिस के अनुसार, तारेगना टोक पर बड़े पैमाने पर अवैध महुआ शराब बनाए जाने की सूचना मिली थी। सूचना के सत्यापन के बाद एसडीपीओ-2 सदर भोजपुर के नेतृत्व में संयुक्त टीम गठित कर सोन नदी के बीच स्थित इलाके में छापेमारी की गई। टीम में बिहटा और भोजपुर के चांदी थाना की पुलिस, उत्पाद विभाग तथा सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।

 

40 प्लास्टिक ड्रम में रखा था जावा महुआ पास

 

छापेमारी के दौरान पुलिस टीम ने मौके पर करीब 15 मिनी शराब भट्ठियां संचालित होते हुए पाईं। टीम ने सभी भट्ठियों को ध्वस्त कर दिया। वहीं करीब 40 प्लास्टिक ड्रम में रखा 29,350 किलो जावा महुआ पास बरामद कर मौके पर ही नष्ट किया गया। इसके अलावा करीब 215 लीटर तैयार महुआ शराब को भी नष्ट कर दिया गया।

 

कार्रवाई के दौरान अवैध शराब निर्माण में शामिल लोग पुलिस टीम को देखते ही मौके से फरार हो गए। एसडीपीओ सदर-2 रणजीत कुमार सिंह के अनुसार, तारेगना टोक पर शराब निर्माण में शामिल लोग पुलिस की गतिविधियों पर दूर से ही नजर रखते थे। इसके लिए वे नाव और स्टीमर का इस्तेमाल करते थे।

 

पुलिस टीम के पहुंचने की भनक लगते ही आरोपित नाव के सहारे बिहटा की ओर भागने में सफल रहे। पुलिस फरार लोगों की पहचान और उनकी भूमिका की जानकारी जुटा रही है।

 

संयुक्त टीम ने की कार्रवाई

 

छापेमारी में चांदी थानाध्यक्ष सह पुलिस निरीक्षक, भोजपुर उत्पाद विभाग, सशस्त्र बल और बिहटा थाना की पुलिस टीम शामिल रही। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद सोन नदी के टोक क्षेत्र में अवैध शराब निर्माण करने वालों के बीच हड़कंप मच गया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अवैध शराब निर्माण के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Related Posts

नशा मुक्त कोशी’ अभियान को मिली बड़ी सफलता, एक सप्ताह में 1486 लीटर शराब और 508 किलो गांजा बरामद

सहरसा। कोशी क्षेत्र के सहरसा, सुपौल और मधेपुरा जिलों में चलाए जा रहे ‘नशा मुक्त कोशी’ अभियान के तहत पुलिस को लगातार सफलता मिल रही है। आम लोगों से मिल…

संतान की लंबी आयु और सुख-समृद्धि के लिए महिलाओं ने रखा जिउतिया व्रत, सोन नदी घाट पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

कोईलवर। संतान की लंबी आयु, सुख-समृद्धि और स्वस्थ जीवन की कामना को लेकर माताओं द्वारा रखा जाने वाला जिउतिया व्रत इस वर्ष भी श्रद्धा और आस्था के साथ मनाया गया।…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *