
भागलपुर। जिले में पहली बार अस्मिता खेलो इंडिया सिटी लीग के तहत सॉफ्ट टेनिस प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। सैंडिस कंपाउंड में आयोजित इस प्रतियोगिता में भागलपुर के अलग-अलग आयु वर्ग के करीब 65 से 70 खिलाड़ियों ने पंजीकरण कराया है। प्रतियोगिता के जरिए खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा और प्रदर्शन दिखाने का मौका मिल रहा है।
आयोजकों के मुताबिक प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर आगे राज्य स्तरीय टीम के लिए खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा। ऐसे में यह प्रतियोगिता स्थानीय खिलाड़ियों के लिए आगे बढ़ने का महत्वपूर्ण मंच बन गई है। सॉफ्ट टेनिस संघ से जुड़े पदाधिकारियों का कहना है कि अस्मिता खेलो इंडिया सिटी लीग के माध्यम से ग्रासरूट स्तर पर प्रतिभाओं की पहचान करने के साथ महिलाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने पर भी जोर दिया जा रहा है।
सॉफ्ट टेनिस बिहार के सचिव धर्मवीर कुमार ने बताया कि भागलपुर में पहली बार अस्मिता खेलो इंडिया सिटी लीग का आयोजन हो रहा है। उन्होंने कहा कि इस प्रतियोगिता के माध्यम से खिलाड़ियों को अपनी क्षमता दिखाने का अवसर मिल रहा है। प्रदर्शन के आधार पर राज्य टीम के लिए खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि ग्रासरूट स्तर से खिलाड़ियों, खासकर महिला खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने में इस तरह के आयोजन महत्वपूर्ण हैं।
हालांकि प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों को तेज धूप में खेलना पड़ रहा है। इसे लेकर सॉफ्ट टेनिस संघ ने संसाधनों की कमी का मुद्दा भी उठाया है। संघ के जिला सचिव जयंत कुमार के मुताबिक सैंडिस कंपाउंड में फिलहाल लॉन टेनिस और सॉफ्ट टेनिस के लिए एक ही कोर्ट का इस्तेमाल किया जाता है। शाम के समय अन्य बच्चे भी कोर्ट में खेलते हैं, इसलिए प्रतियोगिता को समय पर पूरा कराने के लिए दिन में ही मुकाबले कराने पड़ रहे हैं।
जयंत कुमार ने बताया कि सॉफ्ट टेनिस संघ की ओर से जिला प्रशासन से कई बार अलग कोर्ट और बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर उपलब्ध कराने का अनुरोध किया गया है। उनके मुताबिक जिला अधिकारी की ओर से सैंडिस कंपाउंड में सॉफ्ट टेनिस के लिए अलग कोर्ट बनाने की प्रक्रिया शुरू करने का आश्वासन दिया गया है। फिलहाल यह प्रक्रिया चल रही है।
आयोजकों का कहना है कि बेहतर सुविधाएं मिलने से खिलाड़ियों को अभ्यास और प्रतियोगिताओं के लिए बेहतर माहौल मिलेगा। साथ ही स्थानीय स्तर पर उभर रही प्रतिभाओं को राज्य और राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने का अवसर भी मिलेगा। अस्मिता खेलो इंडिया सिटी लीग को इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है।





