जामताड़ा उत्क्रमित मध्य विद्यालय तिलाबनी के हॉल में शनिवार को नवंबर 2026 की मासिक गुरु गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी में प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी (बीईईओ) मिलन कुमार घोष मुख्य रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन एवं गुरु वंदना के साथ हुई। इसमें प्रखंड के विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाध्यापक एवं शिक्षक शामिल हुए।
गोष्ठी के दौरान बीईईओ ने सभी विद्यालयों से प्राप्त अपडेट एवं प्रगति प्रतिवेदन की बारी-बारी से समीक्षा की। इसमें सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना, ई-कल्याण पोर्टल पर छात्रवृत्ति अपडेट, ई-विद्या वाहिनी में शिक्षकों की उपस्थिति, शिशु पंजी, नव भारत साक्षरता कार्यक्रम, मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता, पोषण वाटिका, छात्रोपस्थिति, केजीबीवी, एसएमसी की बैठक, आईसीटी एवं स्मार्ट क्लास जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई।
इसके अलावा अपार आईडी निर्माण, यू-डायस प्लस में शिक्षक एवं छात्र प्रोफाइल, डीबीटी, मुख्यमंत्री छात्रवृत्ति, बाल संसद, बैगलेस डे, प्रोजेक्ट रेल, पुस्तकालय, प्रयोगशाला, स्वच्छता, पठन-पाठन और विद्यालयों के अभिलेखों की भी समीक्षा की गई। आगामी 28 नवंबर को होने वाली जवाहर नवोदय विद्यालय प्रवेश परीक्षा की तैयारियों पर विशेष जोर दिया गया।
इस अवसर पर बीईईओ मिलन कुमार घोष ने कहा कि गुरु गोष्ठी केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि विद्यालयों की कमियों को दूर करने का महत्वपूर्ण मंच है। सभी शिक्षक अपने विद्यालय से संबंधित कार्यों को समय पर पूरा करें। छात्रोपस्थिति बढ़ाना प्राथमिकता होनी चाहिए। शिक्षकों की नियमित उपस्थिति, बच्चों की पढ़ाई और मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने अपार आईडी, आधार, बैंक पासबुक एवं छात्रवृत्ति से जुड़े कार्य जल्द पूरा करने का निर्देश दिया। साथ ही चेतावनी दी कि निर्देशों की अनदेखी करने वाले विद्यालयों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। अंत में उन्होंने सभी शिक्षकों से विद्यालयों को स्वच्छ, सुंदर और निपुण बनाने की अपील की।
**रिपोर्ट: संतोष कुमार, जामताड़ा**





