जामताड़ा पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर नाला थाना पुलिस ने महेशमुंडा चेकपोस्ट पर सघन वाहन जांच के दौरान अंतरराज्यीय शराब तस्करी के बड़े खेल का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने बंगाल से आ रही एक स्कॉर्पियो से 434 बोतल अवैध अंग्रेजी शराब बरामद करते हुए तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। इस मामले में नाला थाना में कांड संख्या 65/26 दर्ज किया गया है।
शनिवार को अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी नाला किशोर तिर्की ने थाना परिसर में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कार्रवाई की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर महेशमुंडा चेकपोस्ट पर वाहन जांच के दौरान स्कॉर्पियो को रोका गया। तलाशी लेने पर गाड़ी से भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब बरामद हुई, जिस पर पश्चिम बंगाल का स्टीकर लगा था।
**फर्जी नंबर प्लेट लगाकर दे रहे थे चकमा**
जांच में खुलासा हुआ कि स्कॉर्पियो पर लगा नंबर WB40AR-1027 फर्जी था। गाड़ी से दो अन्य नंबर प्लेट भी बरामद हुईं, जिन पर JH15AC-4759 अंकित था। तस्कर अलग-अलग नंबर प्लेट लगाकर पुलिस को चकमा दे रहे थे।
पुलिस के अनुसार शराब को बिहार में खपाने की तैयारी थी। बिहार में शराबबंदी के कारण अधिक कीमत मिलने के लालच में तस्कर बंगाल से शराब लेकर जा रहे थे। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश कर रही है।
जब्त शराब में इम्पीरियल ब्लू की 240, आईकॉनिक व्हाइट की 92, ऑफिसर च्वाइस की 42, स्नोस्की की 24 और ब्लेंडर प्राइड की 36 बोतल शामिल हैं।
**रेकी करने वाला भी गिरफ्तार**
कार्रवाई के दौरान तस्करों के आगे-आगे मोटरसाइकिल से रेकी कर रहे चालक को भी गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमित कुमार (29), चंदन कुमार (38) और दयामय मंडल के रूप में हुई है।
पुलिस ने स्कॉर्पियो, मोटरसाइकिल, दो नंबर प्लेट, चार मोबाइल फोन और 26,200 रुपये नकद जब्त किए हैं। एसडीपीओ ने स्पष्ट किया कि अवैध शराब कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।





