
त्योहारों का सीजन शुरू होते ही भागलपुर के विभिन्न मोहल्लों में चोरी की घटनाएं बढ़ने लगी हैं। ताजा मामला ज्योति विहार कॉलोनी स्थित ममता महल का है, जहां एक चोर ने दिनदहाड़े दूसरी मंजिल के छत पर रखे गैस सिलेंडर को चोरी कर लिया और मौके से फरार हो गया। चोरी की पूरी वारदात वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। खास बात यह है कि फुटेज में चोर का चेहरा भी साफ दिखाई दे रहा है।
मकान मालिक के अनुसार, घटना के बाद आसपास के लोगों को सीसीटीवी फुटेज दिखाकर चोर की पहचान करने की कोशिश की गई, लेकिन फिलहाल उसकी पहचान नहीं हो सकी है। मकान मालिक ने बताया कि शनिवार को पुलिस में आवेदन नहीं दिया जा सका। रविवार को संबंधित थाने में आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की जाएगी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि ज्योति विहार सहित आसपास के मोहल्लों में चोरी की घटनाएं अक्सर होती रहती हैं। खासकर दीपावली और छठ जैसे पर्व-त्योहारों के दौरान जब लोग अपने घरों में ताला लगाकर गांव चले जाते हैं, तब चोर बंद घरों को निशाना बनाते हैं और कीमती सामान लेकर फरार हो जाते हैं।
ऐसे में त्योहारों के दौरान पुलिस गश्ती बढ़ाने और खाली पड़े मकानों की निगरानी करने की जरूरत है। साथ ही लोगों को भी घर लंबे समय तक खाली छोड़ने से पहले सुरक्षा के इंतजाम करने चाहिए।
अब सवाल यह है कि सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद पुलिस चोर की पहचान कर उसे कब तक गिरफ्तार कर पाती है। यदि कोई व्यक्ति फुटेज में दिख रहे संदिग्ध को पहचानता है तो स्थानीय थाना या चैनल पर दिए गए नंबर के माध्यम से जानकारी दे सकता है।





