भागलपुर। नारायणपुर प्रखंड के भ्रमरपुर गांव में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में 18 वर्षीय युवती की डूबने से मौत हो गई। कर्मा-धर्मा पूजा के लिए झुरी काटने गईं पांच युवतियां सड़क किनारे बाढ़ के पानी से भरे गड्ढे में डूब गईं। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए चार युवतियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन रिमझिम कुमारी को नहीं बचाया जा सका।
घटना भ्रमरपुर गांव के वार्ड नंबर 4 स्थित कामामाय स्थान के पास की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह पांच युवतियां कर्मा-धर्मा पूजा की तैयारी के लिए झुरी काटने निकली थीं। इसी दौरान सड़क किनारे बने पानी से भरे गड्ढे में वे डूब गईं। अचानक हुई घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया। स्थानीय लोगों ने चार युवतियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। वहीं 18 वर्षीय रिमझिम कुमारी पानी में डूब गई। काफी तलाश के बाद स्थानीय लोगों की मदद से उसका शव बरामद किया गया।
मृतका की पहचान भ्रमरपुर गांव निवासी अनिल मंडल की बेटी रिमझिम कुमारी के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलने के बाद भवानीपुर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद मृतका के परिवार में कोहराम मचा हुआ है और गांव में भी मातम का माहौल है।
सड़क किनारे गड्ढे को लेकर उठे सवाल
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने सड़क किनारे बने गड्ढे और उसमें जमा बाढ़ के पानी को लेकर चिंता जताई है। ग्रामीणों का आरोप है कि गड्ढा खुला होने और उसमें पानी भरे रहने के बावजूद सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए। लोगों ने संबंधित विभाग और ठेकेदार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए मामले की जांच कराने की मांग की है।
पुलिस ने घटना के संबंध में आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के बाद ग्रामीणों ने सड़क किनारे ऐसे खतरनाक गड्ढों को चिह्नित कर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि दोबारा इस तरह की घटना न हो।





