जामताड़ा। झारखंड में जेएसएससी और जेपीएससी नियुक्तियों में कथित घोटाले की सीबीआई जांच कराने और आंदोलनरत छात्रों पर दर्ज मामलों को वापस लेने की मांग को लेकर शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी ने जामताड़ा में जोरदार प्रदर्शन किया। भाजपा जिला अध्यक्ष सुमित शरण के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ता और छात्र-छात्राएं समाहरणालय पहुंचे और उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक कार्यालय का घेराव किया।
प्रदर्शन कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा के पूर्व सांसद एवं पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रविंद्र राय शामिल हुए। प्रदर्शन के बाद भाजपा के प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त को ज्ञापन सौंपकर जेएसएससी-जेपीएससी नियुक्तियों में कथित अनियमितताओं की सीबीआई जांच कराने तथा आंदोलन कर रहे छात्रों पर दर्ज मामलों को वापस लेने की मांग की।
सभा को संबोधित करते हुए पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रविंद्र राय ने आरोप लगाया कि झारखंड के नौजवानों ने जेपीएससी और जेएसएससी में कथित धांधली के खिलाफ आवाज उठाई, लेकिन उनकी समस्याओं का समाधान करने के बजाय सरकार ने नियुक्तियों को रद्द करने और परीक्षाओं को स्थगित करने का निर्णय लिया। उन्होंने कहा कि जब युवाओं ने इसके विरोध में आंदोलन किया, तब उन पर लाठीचार्ज किया गया और मुकदमे दर्ज किए गए।
रविंद्र राय ने कहा कि भाजपा छात्रों के साथ खड़ी है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि पूरे मामले की सीबीआई जांच नहीं कराई गई और छात्रों पर दर्ज मुकदमे वापस नहीं लिए गए, तो भाजपा सड़क से सदन तक आंदोलन करेगी।
वहीं, भाजपा जिला अध्यक्ष सुमित शरण ने हेमंत सोरेन सरकार पर युवाओं की आवाज दबाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि युवा अपने अधिकार और परीक्षा में कथित धांधली की जांच की मांग कर रहे हैं, लेकिन उनकी आवाज सुनने के बजाय उन पर मुकदमे दर्ज किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता किसी दबाव से डरने वाले नहीं हैं और युवाओं के मुद्दे को लेकर लगातार संघर्ष जारी रहेगा।
रिपोर्ट: संतोष कुमार, जामताड़ा






