जामताड़ा। नाला प्रखंड क्षेत्र के देवली-कुलडंगाल गांव में आकाशीय बिजली गिरने से जले 200 केवीए के ट्रांसफार्मर को विभाग ने बदलकर नया ट्रांसफार्मर लगा दिया है। नए ट्रांसफार्मर के लगते ही दोनों गांवों में बिजली आपूर्ति बहाल हो गई। इससे सौ से अधिक घरेलू और व्यावसायिक उपभोक्ताओं को राहत मिली है।
जानकारी के अनुसार, बीते दिनों आकाशीय बिजली गिरने के कारण गांव का 200 केवीए का ट्रांसफार्मर जल गया था। इसके बाद दोनों गांवों में कई दिनों तक बिजली आपूर्ति बाधित रही। बिजली नहीं रहने से ग्रामीणों के घरेलू कामकाज के साथ-साथ आटा चक्की, वेल्डिंग सहित कई छोटे कारोबार भी प्रभावित हो रहे थे।
मामले की जानकारी मिलने पर क्षेत्रीय विधायक सह झारखंड विधानसभा अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो ने त्वरित संज्ञान लिया। उन्होंने बिजली विभाग के अधिकारियों को अविलंब नया ट्रांसफार्मर लगाने का निर्देश दिया। उनकी पहल के बाद विभाग ने 24 घंटे के अंदर गांव में नया 200 केवीए का ट्रांसफार्मर स्थापित कर दिया।
नए ट्रांसफार्मर का विधिवत उद्घाटन पंचायत समिति सदस्य सह झामुमो के वरीय नेता मड़िराम माजी ने नारियल फोड़कर और जल छिड़ककर किया। ट्रांसफार्मर चालू होते ही बिजली आपूर्ति बहाल हो गई, जिसके बाद ग्रामीणों में खुशी का माहौल देखने को मिला।
मौके पर मौजूद ग्रामीणों और उपभोक्ताओं ने विधानसभा अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो की त्वरित पहल के लिए आभार जताया। इस दौरान ग्रामीणों ने उनके समर्थन में नारे भी लगाए। ग्रामीणों का कहना था कि क्षेत्र की समस्याओं के समाधान को लेकर विधानसभा अध्यक्ष पूर्व में भी तत्परता दिखाते रहे हैं।
कार्यक्रम में स्वपन कुमार गोराईं, अजीत कुमार पाल, तपन कुमार झा, दिवाकर कर, सुजन कुमार दास, शक्ति पद पाल, विजयानंद झा, सागर चंद्र कर, दुलाल चंद्र पाल, प्रथम राउत, राजेश कुमार माहता, जयदेव कर, झुलन झा, कालीपद माजी, लक्ष्मण चंद्र ठाकुर, प्रबोध कुमार नंदी, दामोदर मंडल, विमल कुमार पाल, बालक हांसदा, साइन अली, सुरंजीत मुर्मू, सिदू मरांडी, लाड़ू मिर्धा समेत बड़ी संख्या में झामुमो कार्यकर्ता, समाजसेवी और ग्रामीण मौजूद रहे।
संवाददाता: संतोष कुमार, जामताड़ा








