जामताड़ा। जिला स्कूल (स्कूल ऑफ एक्सीलेंस) में जिला परिवहन विभाग और वरदान चैरिटेबल ट्रस्ट के संयुक्त तत्वावधान में सड़क सुरक्षा विषय पर क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में ए, बी, सी और डी चार ग्रुप के विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। प्रत्येक ग्रुप में पांच-पांच विद्यार्थी शामिल थे और हर ग्रुप से आठ प्रश्न पूछे गए।
प्रतियोगिता में ग्रुप सी ने प्रथम, ग्रुप बी ने द्वितीय और ग्रुप डी ने तृतीय स्थान हासिल किया। ग्रुप सी की अंशिका, कुमार आर्यन, प्रतीक ओझा, अनुराग और वैभव ने सामूहिक रूप से प्रथम पुरस्कार प्राप्त किया। विद्यार्थियों ने प्रश्नों को ध्यानपूर्वक सुनकर आपस में चर्चा के बाद उत्तर दिए। समय सीमा समाप्त होने या सही उत्तर नहीं मिलने पर प्रतिभागियों को सही जवाब भी बताया गया।
कार्यक्रम में ट्रैफिक प्रभारी रूद्रानंद सरस, जिला परिवहन विभाग के विनीत कुमार सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे। वरदान चैरिटेबल ट्रस्ट की सचिव शर्मिला वर्मा, उपाध्यक्ष मन्नत सिंह बग्गा, उप सचिव रानू सिन्हा, प्रोग्राम कोऑर्डिनेटर मंजू चंद्रा और निर्णायक रीता सिन्हा भी उपस्थित रहीं। क्विज का संचालन सौभाग्य सृजन और मन्नत सिंह बग्गा ने किया।
इस मौके पर ट्रैफिक प्रभारी रूद्रानंद सरस ने बच्चों से कहा कि वे निर्धारित उम्र से पहले वाहन लेकर सड़क पर न आएं। उन्होंने कहा कि नाबालिग के वाहन चलाने से दुर्घटना की स्थिति में परिवार को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। वाहन पकड़े जाने पर भी अभिभावकों की मुश्किलें बढ़ सकती हैं।
ट्रस्ट की सचिव शर्मिला वर्मा ने भी बच्चों को सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों की जानकारी दी। शिक्षकों में प्रफुल्ल मिश्रा, नरेंद्र कुमार मेहता, विपिन कुमार, अतहर इमाम, तपन चटर्जी, राघवेंद्र तिवारी और दीपक सिंह ने कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
अंत में प्रफुल्ल मिश्रा ने जिला परिवहन विभाग और वरदान चैरिटेबल ट्रस्ट का आभार जताते हुए भविष्य में भी ऐसे जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने का आग्रह किया।








