एमएमडीआर विधेयक के खिलाफ कांग्रेस का 27 अगस्त को प्रदर्शन, राजेश ठाकुर बोले- झारखंड को हर साल 14 हजार करोड़ का नुकसान

 संशोधित एमएमडीआर विधेयक के खिलाफ कांग्रेस ने 27 अगस्त को राज्य के सभी जिला मुख्यालयों में धरना-प्रदर्शन करने का ऐलान किया है। इसी सिलसिले में बोकारो पहुंचे कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने संशोधित एमएमडीआर विधेयक को संविधान और राज्यों के अधिकारों पर हमला बताते हुए दावा किया कि इसके लागू होने से झारखंड को हर साल करीब 14 हजार करोड़ रुपये का आर्थिक नुकसान हो सकता है।

 

Sponsored Advertisement

बोकारो सर्किट हाउस में मीडिया से बातचीत करते हुए राजेश ठाकुर ने कहा कि केंद्र के इस फैसले का सीधा असर राज्य के राजस्व पर पड़ेगा। उन्होंने दावा किया कि यदि राज्य को मिलने वाली राशि में कमी आती है तो सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाएं प्रभावित होंगी। उन्होंने विशेष रूप से महिला सम्मान योजना का जिक्र करते हुए कहा कि इसका असर राज्य की महिलाओं पर पड़ेगा।

 

राजेश ठाकुर ने कहा कि ऐसी योजनाएं किसी एक राजनीतिक दल के समर्थकों के लिए नहीं हैं। उन्होंने भाजपा नेताओं पर निशाना साधते हुए कहा कि सत्ताधारी दल के नेताओं और उनके परिवारों को भी राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ मिलता है। ऐसे में उन्हें भी इस मुद्दे पर राज्य के हित में आवाज उठानी चाहिए।

 

कांग्रेस नेता ने भाजपा नेताओं से सवाल किया कि यदि एमएमडीआर विधेयक में संशोधन झारखंड के हित में है तो उन्हें यह स्पष्ट करना चाहिए कि इससे राज्य को कितना लाभ होगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस विधेयक से होने वाले संभावित नुकसान को लेकर जनता के बीच जाएगी और आंदोलन को मजबूत करेगी।

 

राजेश ठाकुर ने दावा किया कि भाजपा के कई नेता और कार्यकर्ता भी इस मुद्दे पर कांग्रेस के आंदोलन का समर्थन कर रहे हैं, हालांकि वे खुलकर सामने नहीं आ रहे हैं।

 

कांग्रेस के मुताबिक 27 अगस्त को जिला मुख्यालयों पर धरना-प्रदर्शन के जरिए केंद्र सरकार से संशोधित विधेयक पर पुनर्विचार करने की मांग की जाएगी। पार्टी ने इसे झारखंड के आर्थिक हित और अधिकारों से जुड़ा मुद्दा बताया है।

 

संवाददाता — चंदन सिंह बोकारो

Related Posts

धनबाद में टांके खुलवाने पहुंची 29 वर्षीय महिला की मौत, प्रगति नर्सिंग होम में परिजनों का हंगामा

झारखंड के धनबाद जिले के सरायढेला स्थित प्रगति नर्सिंग होम में इलाज के दौरान 29 वर्षीय महिला की मौत के बाद परिजनों ने जमकर हंगामा किया। मृतका की पहचान लोयाबाद…

पीएम पर कथित अमर्यादित टिप्पणी के विरोध में जामताड़ा में भाजपा का प्रदर्शन, खड़गे का पुतला फूंका

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की कथित अमर्यादित टिप्पणी के विरोध में रविवार को जामताड़ा में भाजपा कार्यकर्ताओं का आक्रोश देखने को मिला। भाजपा कार्यकर्ताओं ने…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *