धनबाद सदर थाना क्षेत्र के धैया लाहबनी में बंद घर को निशाना बनाकर चोरों ने करीब 22 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए। वारदात अस्पताल कर्मी तरुण सिंह के घर हुई। बताया जा रहा है कि तरुण सिंह अपने पिता के इलाज के लिए चार दिन पहले पूरे परिवार के साथ रांची गए थे। इसी दौरान चोरों ने बंद मकान का ताला तोड़कर चोरी की घटना को अंजाम दिया।
मंगलवार को तरुण सिंह अपने परिवार के साथ रांची से वापस धैया स्थित घर पहुंचे। मुख्य दरवाजे पर पहुंचते ही उन्होंने ताला टूटा हुआ देखा। घर के अंदर जाने पर सामान बिखरा पड़ा था। परिवार ने देखा कि घर के दो अन्य दरवाजों के ताले भी टूटे हुए थे।
इसके बाद जब अलमारी की जांच की गई तो उसमें रखे सोने-चांदी के आभूषण गायब मिले। गृहस्वामी के मुताबिक चोरी हुए आभूषणों की अनुमानित कीमत करीब 22 लाख रुपये है। घटना के बाद परिवार के लोगों में दहशत का माहौल है।
तरुण सिंह ने तत्काल पुलिस को घटना की सूचना दी। जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने घर के आसपास की गतिविधियों की जानकारी जुटानी शुरू कर दी है। साथ ही इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि संदिग्धों की पहचान कर उनके बारे में सुराग हासिल किया जा सके।
गृहस्वामी ने बताया कि पिता के इलाज के कारण पूरा परिवार चार दिनों से रांची में था। इसी दौरान चोरों ने घर को निशाना बनाया। उन्होंने बताया कि यह मकान करीब दो साल पहले ही बनवाया गया था।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर चोरों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस जल्द ही घटना का खुलासा करने का दावा कर रही है।
संवाददाता — राजेश कुमार धनबाद





