मोतिहारी: बिहार के मोतिहारी जिले से एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है। गोविंदगंज थाना क्षेत्र के बाभनौली पंचायत में एक पोखर में डूबने से एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत की खबर है। मृतकों में एक महिला और उसके चार बच्चे शामिल बताए जा रहे हैं। घटना के बाद पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है। हालांकि, मामले में आधिकारिक पुष्टि का अभी इंतजार है।
मृतक महिला की पहचान बाभनौली पंचायत निवासी धर्मेंद्र महतो की पत्नी सुशीला देवी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि महिला अपने बच्चों के साथ पोखर के पास गई थी। इसी दौरान सभी के डूबने की आशंका जताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया।
सूचना मिलने के बाद अरेराज के अंचलाधिकारी और गोविंदगंज थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों और गोताखोरों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कराया। काफी प्रयास के बाद अब तक चार शवों को पोखर से बाहर निकाला जा चुका है, जबकि पांचवें शव की तलाश के लिए अभियान जारी है।
पुलिस ने बरामद शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है। घटना के बाद मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए हैं।
घटना को लेकर दो तरह की बातें सामने आईं
घटना के कारणों को लेकर फिलहाल स्थिति पूरी तरह स्पष्ट नहीं है। स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, मामला किसी पारिवारिक विवाद से जुड़ा हो सकता है। वहीं, कुछ लोगों का कहना है कि सुशीला देवी अपने बच्चों के साथ पशुओं के लिए चारा काटने गई थीं और इसी दौरान किसी कारणवश सभी पोखर में डूब गए।
पुलिस कर रही जांच
गोविंदगंज थाना प्रभारी सचितानंद पांडे ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर छानबीन कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।
फिलहाल पुलिस पांचवें शव की तलाश में जुटी है और पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।





