सहरसा में दर्दनाक सड़क हादसा: ड्यूटी पर जा रहे शिक्षक की ट्रैक्टर की चपेट में आने से मौत, दूसरा शिक्षक गंभीर घायल

सहरसा जिले के बनमा इटहरी थाना क्षेत्र के सरबेला गांव के समीप गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में ड्यूटी पर जा रहे एक शिक्षक की मौत हो गई, जबकि उनके साथ बाइक पर सवार दूसरे शिक्षक गंभीर रूप से घायल हो गए। तेज रफ्तार ईंट लदे ट्रैक्टर की टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एक शिक्षक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

 

Sponsored Advertisement

मृतक की पहचान सत्तरकटैया निवासी चंद्रमोहन यादव (40 वर्ष) के रूप में हुई है। वह उच्च माध्यमिक विद्यालय, सरबेला में शिक्षक के पद पर कार्यरत थे। जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह वह अपने सहकर्मी दिलीप कुमार, निवासी कासिमपुर (नौहट्टा), के साथ एक ही बाइक से विद्यालय जा रहे थे। दिलीप कुमार एनपीएस भगत टोला विद्यालय में शिक्षक हैं।

 

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सरबेला गांव के समीप पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ईंट लदे ट्रैक्टर ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में चंद्रमोहन यादव की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दिलीप कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायल शिक्षक को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

 

घटना की सूचना मिलते ही बनमा इटहरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है तथा ट्रैक्टर और चालक की तलाश में जुटी है।

 

बताया जा रहा है कि दिवंगत शिक्षक चंद्रमोहन यादव अपने परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे। उनके परिवार में पत्नी, तीन बेटियां और एक बेटा है। बड़ी बेटी लगभग 20 वर्ष, दूसरी बेटी 16 वर्ष, बेटा 15 वर्ष तथा सबसे छोटी बेटी 10 वर्ष की है। अचानक हुए इस हादसे से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में मातम का माहौल है।

 

इस घटना से शिक्षा जगत में भी शोक की लहर दौड़ गई है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और लापरवाही से वाहन चलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की दर्दनाक घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

 

संवाददाता: इन्द्रदेव, सहरसा

  • Related Posts

    किन्नर गुरु पल्लवी ने थामा लोजपा (रामविलास) का दामन, बनीं जिला उपाध्यक्ष

    सहरसा। कोसी क्षेत्र की चर्चित समाजसेवी किन्नर गुरु पल्लवी ने रविवार को अपने समर्थकों और सहयोगियों के साथ लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) की प्राथमिक सदस्यता ग्रहण की। सदस्यता ग्रहण करने…

    सहरसा के रोशन सिंह धौनी सातवीं बार राष्ट्रीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में तकनीकी पदाधिकारी नियुक्त

    सहरसा। जिले के खेल जगत के लिए गौरव की खबर है। सहरसा जिला एथलेटिक्स संघ के सचिव सह मध्य विद्यालय पटुआहा के शारीरिक शिक्षा शिक्षक रोशन सिंह धौनी को 37वीं…

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *