
झारखंड के पलामू जिले के मेदिनीनगर में अपराधियों ने दिनदहाड़े लूट की बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। शहर थाना क्षेत्र में बुधवार को पंजाब एंड सिंध बैंक से चार लाख रुपये निकालकर घर लौट रही एक महिला से रुपयों से भरा झोला छीनकर अपराधी फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
**पति के ऑपरेशन और मजदूरी के भुगतान के लिए निकाले थे रुपये**
जानकारी के अनुसार, चैनपुर थाना क्षेत्र के सलतुआ गांव निवासी 32 वर्षीय ललिता देवी अपने पति भोला साव के कमर के ऑपरेशन और मजदूरी के भुगतान के लिए बैंक से चार लाख रुपये निकालकर घर लौट रही थीं। उनके साथ उनके ससुर भी मौजूद थे। हालांकि, रास्ते में उनके ससुर बाजार में सब्जी खरीदने चले गए।
**तीन कोनिया गैरेज के पास हुई वारदात**
इसी दौरान तीन कोनिया गैरेज के पास पैदल पहुंचे एक युवक ने अचानक महिला के हाथ से रुपयों से भरा झोला छीन लिया और मौके से फरार हो गया। बताया जा रहा है कि इस वारदात में उसका एक अन्य साथी भी शामिल था। अचानक हुई इस घटना से महिला घबरा गईं और बदहवास होकर रोने लगीं।
**सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस**
घटना की सूचना मिलते ही शहर थाना प्रभारी ज्योति लाल रजवार पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू की। पीड़िता का दावा है कि सीसीटीवी फुटेज में झोला छीनने वाला युवक और उसका साथी दिखाई दे रहे हैं। महिला ने फुटेज के आधार पर एक संदिग्ध की पहचान करने का भी दावा किया है। हालांकि, इस पहचान की पुलिस की ओर से आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
**चार लाख की बरामदगी पुलिस के सामने चुनौती**
फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान और तलाश में जुटी है। दिनदहाड़े हुई इस लूट की घटना ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस के सामने अपराधियों को जल्द गिरफ्तार करने और लूटे गए चार लाख रुपये बरामद करने की चुनौती है।
**लोकेशन – पलामू, झारखंड**
**संवाददाता – सत्यम शुक्ला की रिपोर्ट**





