
दीपावली और छठ महापर्व के बाद ट्रेनों में यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने मुंबई और बिहार के बीच पूजा स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। यह विशेष ट्रेन मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (सीएसएमटी) से मुजफ्फरपुर के बीच आरा जंक्शन के रास्ते परिचालित होगी। ट्रेन के परिचालन से भोजपुर सहित आसपास के जिलों के यात्रियों को मुंबई और उत्तर बिहार के बीच आवागमन में सुविधा मिलेगी।
**6 और 10 नवंबर को मुंबई से खुलेगी ट्रेन**
रेलवे की ओर से जारी समय-सारिणी के अनुसार, गाड़ी संख्या 01081 सीएसएमटी-मुजफ्फरपुर पूजा स्पेशल 6 और 10 नवंबर को मुंबई के सीएसएमटी स्टेशन से सुबह 5 बजे रवाना होगी। यह ट्रेन अगले दिन सुबह 10:40 बजे आरा जंक्शन पहुंचेगी। यहां दो मिनट के ठहराव के बाद 10:42 बजे मुजफ्फरपुर के लिए प्रस्थान करेगी। ट्रेन उसी दिन शाम 4:30 बजे मुजफ्फरपुर पहुंचेगी।
**7 और 11 नवंबर को होगी वापसी**
वापसी में गाड़ी संख्या 01082 मुजफ्फरपुर-सीएसएमटी पूजा स्पेशल 7 और 11 नवंबर को मुजफ्फरपुर से रात 8:30 बजे खुलेगी। अगले दिन रात 2:10 बजे आरा जंक्शन पहुंचेगी। यहां पांच मिनट के ठहराव के बाद रात 2:15 बजे मुंबई के लिए रवाना होगी। ट्रेन अगले दिन दोपहर 1:30 बजे सीएसएमटी पहुंचेगी।
**16 एलएचबी कोच से चलेगी स्पेशल ट्रेन**
रेलवे के अनुसार, इस विशेष ट्रेन में कुल 16 एलएचबी कोच लगाए जाएंगे। इनमें एक एलएसएलआरडी, चार सामान्य द्वितीय श्रेणी, दो स्लीपर, दो एसी थ्री इकोनॉमी, छह एसी थ्री और एक एलडब्ल्यूएलआरआरएम कोच शामिल हैं। अलग-अलग श्रेणियों के कोच होने से यात्रियों को अपनी सुविधा के अनुसार सफर करने का विकल्प मिलेगा।
**5 नवंबर से शुरू होगी टिकट बुकिंग**
इस पूजा स्पेशल ट्रेन में आरक्षित टिकटों की बुकिंग 5 नवंबर की सुबह 8 बजे से शुरू होगी। रेलवे ने यात्रियों को सलाह दी है कि यात्रा की योजना बनाने वाले लोग समय रहते अपना टिकट आरक्षित करा लें, ताकि त्योहार के बाद होने वाली भीड़ के बीच उन्हें परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।
इस विशेष ट्रेन के परिचालन से मुंबई से बिहार आने-जाने वाले यात्रियों को अतिरिक्त रेल सुविधा मिलेगी। खासकर आरा और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को इसका सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है।





