पुलिस की वर्दी पहनकर खुद को जवान बताने और लोगों को डरा-धमकाकर वसूली करने वाले एक शख्स को मिहिजाम थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से पुलिस की वर्दी, फर्जी आईकार्ड, देशी कट्टा, जिंदा कारतूस, वॉकी-टॉकी समेत कई सामान बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी पहले भी आपराधिक मामले में शामिल रह चुका है।
मामले की जानकारी बुधवार को मिहिजाम थाना में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस के दौरान डीएसपी वसीम राजा ने दी। उन्होंने बताया कि पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर 28 जुलाई की शाम एसयूवी और फरार वारंटियों के खिलाफ छापेमारी अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि कानगोई डोमदहा रोड पर एक व्यक्ति पुलिस की वर्दी पहनकर संदिग्ध स्थिति में घूम रहा है और लोगों को डरा रहा है।
सूचना के आधार पर मिहिजाम थाना प्रभारी प्रदीप राणा के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। कानगोई पत्थर डंप के पास एक युवक बूट-पैंट और गंजी पहने बैठा मिला। पूछताछ में उसने अपना नाम अनुप कुमार, पिता कृष्णा वर्मा, निवासी कानगोई, थाना मिहिजाम बताया और खुद को जैप-05 देवघर का जवान बताया।
पुलिस ने जब उससे पहचान पत्र मांगा तो उसने जैप-05 का आईकार्ड दिखाया। जांच में आईकार्ड में नियुक्ति और जन्म तिथि से संबंधित गड़बड़ी पाई गई। सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपी ने फर्जी आईकार्ड बनवाने और धनबाद से पुलिस जैसी वर्दी खरीदकर पहनने की बात स्वीकार की।
पुलिस के अनुसार आरोपी वर्दी का इस्तेमाल कर इलाके में लोगों पर रौब जमाता था और उन्हें डराकर पैसे वसूलता था। तलाशी के दौरान उसके पास से एक देशी कट्टा, पांच जिंदा गोली, दो वॉकी-टॉकी, दो चाकू, तीन मोबाइल फोन, फर्जी जैप-05 आईकार्ड, कैमोफ्लाइज वर्दी, हवलदार का लोगो लगी शर्ट, टोपी, बेल्ट, बूट समेत अन्य सामान बरामद किए गए।
गिरफ्तार आरोपी अनुप कुमार की उम्र 34 वर्ष है। उसके खिलाफ पहले भी चितरंजन थाना में वर्ष 2014 में मामला दर्ज है। फिलहाल मिहिजाम थाना में कांड संख्या 50/2026 दर्ज कर आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस अब उससे पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि उसने अब तक कितने लोगों को अपना शिकार बनाया है।
संवाददाता – संतोष कुमार






