
पलामू जिला कांग्रेस कमिटी के तत्वावधान में सोमवार को विश्रामपुर विधानसभा स्तरीय विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान की समीक्षा बैठक बी मोड़ स्थित तिवारी मैरेज हॉल में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष रविन्द्र शुक्ला उर्फ गुड्डू शुक्ला ने की, जबकि संचालन जिला उपाध्यक्ष संतोष चौबे ने किया। बैठक में विधानसभा क्षेत्र में चल रहे मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान की विस्तृत समीक्षा की गई और संगठन के नेताओं व कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर तक सक्रिय भूमिका निभाने का निर्देश दिया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष श्रीमती बिमला कुमारी ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए यह बेहद जरूरी है कि किसी भी पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची से नहीं कटे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से घर-घर जाकर लोगों को मतदाता सूची पुनरीक्षण की जानकारी देने, आवश्यक दस्तावेजों के बारे में जागरूक करने और किसी भी प्रकार की समस्या आने पर उसका समय पर समाधान कराने में सहयोग करने की अपील की।
विधानसभा प्रभारी मिथलेश कुमार सिंह ने कहा कि कांग्रेस पार्टी लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि संगठन का हर कार्यकर्ता गांव-गांव और घर-घर जाकर एसआईआर अभियान को सफल बनाने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएगा, ताकि कोई भी पात्र मतदाता अपने मतदान के अधिकार से वंचित न रहे।
बैठक को पूर्व विधानसभा प्रत्याशी सुधीर चंद्रवंशी, युवा नेता प्रभात दूबे तथा प्रखंड अध्यक्ष रविन्द्र शुक्ला (गुड्डू शुक्ला) ने भी संबोधित किया। वक्ताओं ने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, मतदाता जागरूकता अभियान को प्रभावी बनाने और आम जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान पर विशेष जोर दिया।
बैठक में प्रदेश सचिव पूर्णिमा पांडेय, प्रादेशिक नेता विजय चौबे, प्रखंड प्रभारी नंद गोपाल त्रिपाठी, सत्यनारायण तिवारी, नावाबाजार प्रखंड अध्यक्ष मीर खुर्शीद आलम, उंटारी रोड प्रखंड अध्यक्ष रिंकू सिंह, पांडू प्रखंड अध्यक्ष सचिदानंद शुक्ला, रामचंद्र चंद्रवंशी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। अंत में सभी ने संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा एसआईआर अभियान को सफल बनाने का सामूहिक संकल्प लिया।
संवाददाता : सत्यम शुक्ला, पलामू






