पटना में बंटी यादव हत्याकांड का मुख्य आरोपी हाफ एनकाउंटर में गिरफ्तार, पुलिस की गोली से पैर में घायल


पटना में चर्चित बंटी यादव हत्याकांड के मुख्य आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। फरार चल रहे रवीश कुमार उर्फ बीसी ने पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसके जवाब में हुई कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी। आरोपी का इलाज पीएमसीएच में चल रहा है, जबकि पुलिस उससे पूछताछ की तैयारी में जुटी है।
बिहार की राजधानी पटना में बंटी यादव हत्याकांड के मुख्य आरोपी रवीश कुमार उर्फ बीसी को गुरुवार तड़के पुलिस ने हाफ एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार कर लिया। घटना सुबह करीब तीन बजे बुद्धा कॉलोनी थाना क्षेत्र की है। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि आरोपी गंगा किनारे छिपा हुआ है और रंगदारी की रकम लेकर नेपाल भागने की फिराक में है। सूचना मिलते ही बुद्धा कॉलोनी थाना पुलिस और डीआईयू की संयुक्त टीम ने इलाके की घेराबंदी कर छापेमारी शुरू की।

पुलिस के अनुसार, जैसे ही टीम आरोपी के करीब पहुंची, उसने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। अपराधी की एक गोली पुलिस वाहन के बोनट पर भी लगी। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें रवीश के दाहिने पैर में गोली लगी। घायल होने के बाद उसे मौके से गिरफ्तार कर पीएमसीएच भेजा गया, जहां उसका इलाज जारी है। घटनास्थल से एक हथियार भी बरामद किया गया है, जिसे फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है।

पटना के एसएसपी कार्तिकेय के. शर्मा ने बताया कि आरोपी नदी के रास्ते बुद्धा कॉलोनी पहुंचा था और नेपाल भागने की योजना बना रहा था। पुलिस की घेराबंदी के दौरान उसने फायरिंग की, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई करनी पड़ी।

मुठभेड़ की सूचना मिलते ही लॉ एंड ऑर्डर एएसपी कृष्ण मुरारी प्रसाद, फॉरेंसिक टीम, कोतवाली थाना पुलिस और डीआईयू के अधिकारी मौके पर पहुंचे। वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए गए और पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी गई है।

गौरतलब है कि करबिगहिया निवासी कारोबारी बंटी यादव का 6 जुलाई की रात अपहरण कर लिया गया था। 11 जुलाई को उसका शव अथमलगोला थाना क्षेत्र के एक खेत से बरामद हुआ था। जांच में अवैध शराब के कारोबार में हिस्सेदारी को लेकर विवाद की बात सामने आई थी। इस मामले में कई आरोपी पहले ही गिरफ्तार हो चुके हैं, जबकि मुख्य आरोपी रवीश उर्फ बीसी फरार था। पुलिस का कहना है कि उससे पूछताछ में हत्याकांड और उसके आपराधिक नेटवर्क से जुड़े कई अहम खुलासे होने की उम्मीद है।

Related Posts

जामताड़ा वायरल वीडियो के बाद बड़ी कार्रवाई, प्रभारी प्रधानाध्यापक निलंबित; पारा शिक्षक पर भी गिरी गाज

जामताड़ा: वायरल वीडियो के बाद बड़ी कार्रवाई, प्रभारी प्रधानाध्यापक निलंबित; पारा शिक्षक पर भी गिरी गाज

सीतामढ़ी में पाकिस्तान कनेक्शन का दावा, NIA इनपुट पर दो संदिग्ध गिरफ्तार; डिजिटल नेटवर्क की जांच तेज

सीतामढ़ी में पाकिस्तान कनेक्शन का दावा, NIA इनपुट पर दो संदिग्ध गिरफ्तार; डिजिटल नेटवर्क की जांच तेज

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *