शराबबंदी वाले बिहार में एक वायरल वीडियो ने कानून व्यवस्था और रेलवे सुरक्षा पर नए सवाल खड़े कर दिए हैं। राजधानी पटना के फतुहा-बंकाघाट रेलखंड स्थित पुनपुन रेलवे पुल के पास कथित तौर पर पैसेंजर ट्रेन से शराब की बड़ी खेप उतारे जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। हालांकि वीडियो की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन मामले को गंभीरता से लेते हुए रेल पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, यह घटना सोमवार दोपहर से शाम के बीच की बताई जा रही है। वायरल वीडियो में कुछ युवक ट्रेन रुकते ही एक बोगी के निचले हिस्से से शराब की बोरियां और पैक बोतलें उतारते दिखाई दे रहे हैं। दावा किया जा रहा है कि यह पूरा घटनाक्रम पुनपुन रेलवे पुल के पास हुआ। वीडियो में यह भी दिख रहा है कि आसपास लोग मौजूद हैं, लेकिन कोई भी कथित तस्करों का विरोध करता नजर नहीं आता।
बताया जा रहा है कि ट्रेन में मौजूद किसी यात्री ने छिपकर इस पूरी घटना का वीडियो बनाया और उसे सोशल मीडिया पर साझा कर दिया। वीडियो वायरल होने के बाद शराबबंदी कानून की प्रभावशीलता और रेलवे सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बहस तेज हो गई है।
गौरतलब है कि बिहार में जुलाई 2016 में तत्कालीन मुख्यमंत्री और वर्तमान राज्यसभा सांसद नीतीश कुमार के नेतृत्व में पूर्ण शराबबंदी लागू की गई थी। इसका उद्देश्य घरेलू हिंसा पर रोक, परिवारों की आर्थिक स्थिति में सुधार, सड़क दुर्घटनाओं और अपराध पर नियंत्रण लाना था। शराबबंदी कानून के उल्लंघन पर उत्पाद अधिनियम के तहत कड़ी कार्रवाई का प्रावधान है।
इसके बावजूद समय-समय पर शराब तस्करी की घटनाएं सामने आती रही हैं। पुनपुन रेलवे पुल का यह कथित मामला भी इसी कड़ी में देखा जा रहा है। फिलहाल पुलिस वायरल वीडियो की सत्यता, उसमें शामिल लोगों की पहचान और पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है। जांच पूरी होने के बाद ही इस मामले की वास्तविक तस्वीर सामने आ सकेगी।








