बोकारो में दर्दनाक हादसा: विशाल मेगा मार्ट की इमारत पर काम के दौरान करंट लगने से एक मजदूर की मौत, दूसरा गंभीर घायल

बोकारो जिले के बेरमो थाना क्षेत्र अंतर्गत फुसरो स्थित विशाल मेगा मार्ट की इमारत पर निर्माण कार्य के दौरान सोमवार को बड़ा हादसा हो गया। काम कर रहे दो मजदूर अचानक बिजली के करंट की चपेट में आ गए। हादसे में एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद निर्माण स्थल पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को अस्पताल पहुंचाया गया।

 

मृतक की पहचान धनबाद जिले के गोविंदपुर थाना क्षेत्र के मुर्गाबनी गांव निवासी 19 वर्षीय वाहिद अंसारी के रूप में हुई है। वहीं, 21 वर्षीय इरफान अंसारी, जो उसी गांव का रहने वाला है, गंभीर रूप से घायल हो गया। उसका इलाज बोकारो जनरल अस्पताल में चल रहा है, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार जारी है।

 

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों मजदूर विशाल मेगा मार्ट की इमारत के ऊपरी हिस्से में निर्माण कार्य कर रहे थे। इसी दौरान वे अचानक बिजली के करंट की चपेट में आ गए। करंट इतना तेज था कि वाहिद अंसारी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि इरफान गंभीर रूप से झुलस गया।

 

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी जुटाई। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। हादसे के बाद बोकारो जनरल अस्पताल में मृतक और घायल के परिजनों का जमावड़ा लग गया।

 

सूत्रों के अनुसार, मकान मालिक की ओर से परिजनों के साथ बातचीत कर मामले को आपसी सहमति से सुलझाने का प्रयास किया जा रहा है। हालांकि इस संबंध में परिजन फिलहाल मीडिया के सामने कुछ भी बोलने से बच रहे हैं। ऐसे में हादसे के वास्तविक कारणों और सुरक्षा मानकों के पालन को लेकर भी कई सवाल उठ रहे हैं।

 

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। यदि निर्माण कार्य में लापरवाही या सुरक्षा मानकों की अनदेखी सामने आती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

 

संवाददाता: चंदन सिंह, बोकारो

Related Posts

जामताड़ा में वज्रपात का कहर: दो दुधारू गायों की मौत, किसान को 80 हजार रुपये की क्षति

जामताड़ा में वज्रपात का कहर: दो दुधारू गायों की मौत, किसान को 80 हजार रुपये की क्षति

वाराणसी के राष्ट्रीय ‘पंच सम्मेलन’ में जामताड़ा की आवाज बनेंगे नाला के मुखिया अजीत मुर्मू

वाराणसी के राष्ट्रीय ‘पंच सम्मेलन’ में जामताड़ा की आवाज बनेंगे नाला के मुखिया अजीत मुर्मू

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *