पटना में जमीन विवाद को लेकर खूनी संघर्ष, एक ही परिवार के चार लोगों को मारी गोली

पटना: बिहार की राजधानी पटना में दिवाली से पहले जमीन विवाद को लेकर खूनी संघर्ष का मामला सामने आया है। दीदारगंज थाना क्षेत्र के हीरामनपुर गांव में सगे-संबंधियों के बीच संपत्ति विवाद को लेकर दो पक्षों में जमकर गोलीबारी हुई। इस दौरान एक पक्ष के लोगों ने दूसरे पक्ष के चार सदस्यों को गोली मारकर घायल कर दिया। घायलों में पिता और उनके तीन बेटे शामिल बताए जा रहे हैं। घटना के बाद पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई और लोगों के बीच दहशत का माहौल बन गया।

दिवाली की तैयारी के दौरान हुई फायरिंग

Sponsored Advertisement

जानकारी के मुताबिक, परिवार के लोग दिवाली को लेकर घर की सजावट और त्योहार की तैयारियों में जुटे थे। इसी दौरान दूसरा पक्ष अचानक घर में घुस आया और गाली-गलौज करने लगा। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोपियों ने फायरिंग शुरू कर दी। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि इस दौरान पथराव भी किया गया, जिसमें पिता-पुत्र समेत चार लोग घायल हो गए।

चारों घायलों को NMCH में कराया गया भर्ती

घायलों की पहचान सुधीर कुमार, कौशल कुमार और दो अन्य लोगों के रूप में बताई गई है। घटना की सूचना मिलते ही फतुहा डीएसपी अवधेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को इलाज के लिए पटना के नालंदा मेडिकल कॉलेज अस्पताल यानी NMCH पहुंचाया।

जमीन विवाद को बताया गोलीबारी की वजह

पीड़ित महिला मीरा देवी के मुताबिक, सगे-संबंधियों के बीच लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। इसी विवाद में उनके परिवार पर हमला किया गया। मीरा देवी ने आरोप लगाया कि दिवाली की तैयारी कर रहे परिवार के लोगों पर अचानक गोलीबारी शुरू कर दी गई।

पुलिस हिरासत में कुछ लोग, जांच जारी

वहीं, फतुहा डीएसपी अवधेश कुमार ने बताया कि गोलीबारी की सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। घटना में चार लोग घायल हुए हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामले की पड़ताल के लिए कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटी है। दिवाली से ठीक पहले हुई इस वारदात ने गांव में तनाव और भय का माहौल पैदा कर दिया है।

Related Posts

दीपावली पर 35 मरीजों की आंखों में लौटी रोशनी, पवन हंस अस्पताल और लायंस क्लब की अनूठी पहल

दीपावली पर 35 मरीजों की आंखों में लौटी रोशनी, पवन हंस अस्पताल और लायंस क्लब की अनूठी पहल

क्या राजनीति में कदम रखने जा रही हैं बिहार की ‘लेडी सिंघम’ काम्या मिश्रा? संजय झा से मुलाकात के बाद अटकलें तेज

क्या राजनीति में कदम रखने जा रही हैं बिहार की ‘लेडी सिंघम’ काम्या मिश्रा? संजय झा से मुलाकात के बाद अटकलें तेज

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *