जामताड़ा: विकसित भारत के संकल्प को गांव-गांव तक पहुंचाने के उद्देश्य से केंद्र सरकार 16 जुलाई 2026 को उत्तर प्रदेश के वाराणसी में राष्ट्रीय स्तर पर ‘पंच सम्मेलन’ का आयोजन करने जा रही है। इस सम्मेलन में झारखंड के जामताड़ा जिले का प्रतिनिधित्व नाला प्रखंड की नाला पंचायत के मुखिया अजीत मुर्मू करेंगे। उनके चयन को लेकर जिले में उत्साह का माहौल है।
जिला ग्रामीण विकास शाखा, जामताड़ा के उप विकास आयुक्त सह अतिरिक्त जिला कार्यक्रम समन्वयक कार्यालय की ओर से अजीत मुर्मू को सम्मेलन के लिए अधिकृत प्रतिनिधि नामित किया गया है। जिला प्रशासन ने उन्हें निर्धारित समय पर सम्मेलन में भाग लेने के निर्देश दिए हैं।
जानकारी के अनुसार, राष्ट्रीय पंच सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य पंचायत प्रतिनिधियों को ‘विकसित भारत – रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण) अधिनियम-2025’ के तहत संचालित नई गारंटी योजनाओं की विस्तृत जानकारी देना है। साथ ही पंचायत स्तर पर इन योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, रोजगार सृजन, आजीविका संवर्धन और ग्रामीण विकास से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन भी दिया जाएगा।
जिला प्रशासन का मानना है कि इस राष्ट्रीय मंच पर जामताड़ा की भागीदारी से जिले में संचालित सफल ग्रामीण विकास योजनाओं और नवाचारों को देशभर के सामने प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा। इससे अन्य राज्यों के अनुभवों से सीखने और स्थानीय स्तर पर योजनाओं को और अधिक प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी।
सम्मेलन में प्रतिनिधित्व का अवसर मिलने पर मुखिया अजीत मुर्मू ने खुशी व्यक्त करते हुए जिला एवं प्रखंड प्रशासन का आभार जताया। उन्होंने कहा कि यह उनके लिए सम्मान की बात है और वे वाराणसी में जामताड़ा की सफल पहलों को मजबूती से प्रस्तुत करेंगे। साथ ही अन्य राज्यों और जिलों के बेहतर कार्यों का अध्ययन कर उन्हें नाला पंचायत में लागू करने का प्रयास करेंगे।
उन्होंने कहा कि विकसित भारत अभियान के तहत रोजगार एवं आजीविका से जुड़ी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकता होगी। इसके अलावा केंद्र सरकार द्वारा मनरेगा के स्थान पर लागू किए गए वीबीजीआरजी से संबंधित नई व्यवस्थाओं और पंचायत विकास के मॉडल की भी जानकारी प्राप्त कर उसे स्थानीय स्तर पर लागू करने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि सम्मेलन से मिले अनुभव ग्रामीण विकास और रोजगार के नए अवसर पैदा करने में महत्वपूर्ण साबित होंगे।
संवाददाता: संतोष कुमार







