देवलेश्वर धाम में श्रावणी मेला की तैयारियां तेज, 18 जुलाई से उमड़ेगी श्रद्धालुओं की भीड़; कतारबद्ध पूजा और सुरक्षा के विशेष इंतजाम

सावन माह की शुरुआत के साथ प्रसिद्ध देवलेश्वर धाम में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए श्रावणी मेला और विपद तारिणी व्रत की तैयारियां तेज कर दी गई हैं। रविवार को मंदिर प्रबंधन समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित कर 18 जुलाई से शुरू होने वाले श्रावणी मेला एवं उसी दिन पड़ने वाले विपद तारिणी व्रत को लेकर व्यापक तैयारियों की समीक्षा की गई। बैठक में श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सुचारु व्यवस्था को लेकर कई अहम निर्णय लिए गए।

 

समिति ने बताया कि बंगला पंचांग के अनुसार इस वर्ष 18 जुलाई से सावन का पहला सोमवार है। इसी दिन विपद तारिणी व्रत भी पड़ रहा है, जिसके कारण नाला, कुंडहित, फतेहपुर सहित पश्चिम बंगाल के सीमावर्ती क्षेत्रों से हजारों श्रद्धालुओं के देवलेश्वर धाम पहुंचने की संभावना है।

 

बैठक की अध्यक्षता करते हुए मंदिर प्रबंधन समिति के अध्यक्ष राम हांसदा ने कहा कि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए व्यापक व्यवस्था की जा रही है। मंदिर परिसर में कतारबद्ध दर्शन की व्यवस्था रहेगी तथा महिला और पुरुष श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग प्रवेश और निकास द्वार बनाए जाएंगे। गर्भगृह तक सुगम पहुंच सुनिश्चित करने के लिए विशेष बैरिकेडिंग की जाएगी। वहीं, प्रसाद वितरण को भी सुव्यवस्थित और समयबद्ध तरीके से संचालित किया जाएगा।

 

समिति ने निर्णय लिया कि पूरे सावन माह मंदिर परिसर में धार्मिक वातावरण बनाए रखने के लिए प्रतिदिन सूर्योदय से सूर्यास्त तक हरिनाम संकीर्तन होगा। इसके अलावा स्थानीय कलाकारों द्वारा भजन-कीर्तन की प्रस्तुति दी जाएगी। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए एक माह तक मंदिर परिसर में श्रावणी मेला भी आयोजित होगा।

 

बैठक में साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, लाउडस्पीकर, यातायात नियंत्रण और सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की विस्तृत योजना बनाई गई। साथ ही प्रशासन और मंदिर समिति के लिए अलग नियंत्रण कक्ष बनाने तथा मंदिर परिसर में पूजा सामग्री और अन्य दुकानों पर नियंत्रण रखने का निर्णय लिया गया। समिति प्रशासन से सुरक्षा बल और आवश्यक सहयोग की भी मांग करेगी।

 

मंदिर प्रबंधन समिति ने सभी श्रद्धालुओं से शांति, अनुशासन और सहयोग बनाए रखते हुए धार्मिक आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।

 

संवाददाता: संतोष कुमार, जामताड़ा

Related Posts

पलामू पुलिस की बड़ी सफलता: चोरी का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार; लैपटॉप, iPhone-13 और बाइक बरामद

पलामू पुलिस की बड़ी सफलता: चोरी का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार; लैपटॉप, iPhone-13 और बाइक बरामद

सृजन पब्लिक स्कूल में धूमधाम से मनाया गया ‘मैंगो डे’, पीली वेशभूषा में पहुंचे बच्चों ने जाना आम का पोषण और महत्व

सृजन पब्लिक स्कूल में धूमधाम से मनाया गया ‘मैंगो डे’, पीली वेशभूषा में पहुंचे बच्चों ने जाना आम का पोषण और महत्व

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *