धनबाद सांसद ढुलू महतो ने निरसा विधायक अरूप चटर्जी को भेजा 2 करोड़ की मानहानि का नोटिस, 7 दिन में सार्वजनिक माफी की मांग

धनबाद की राजनीति में आरोप-प्रत्यारोप का मामला अब कानूनी मोड़ पर पहुंच गया है। धनबाद के सांसद ढुलू महतो ने निरसा विधायक अरूप चटर्जी को दो करोड़ रुपये की मानहानि का कानूनी नोटिस भेजा है। सांसद की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया है कि विधायक द्वारा प्रेस वार्ता और विभिन्न मीडिया प्लेटफॉर्म पर लगाए गए आरोप झूठे, निराधार और उनकी प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाने वाले हैं। नोटिस में सात दिनों के भीतर बिना शर्त सार्वजनिक माफी मांगने, आरोप वापस लेने, सोशल मीडिया से संबंधित सभी पोस्ट और वीडियो हटाने तथा दो करोड़ रुपये की क्षतिपूर्ति देने की मांग की गई है।

 

Sponsored Advertisement

सांसद के अधिवक्ता के माध्यम से भेजे गए नोटिस में कहा गया है कि विधायक अरूप चटर्जी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस, प्रिंट मीडिया, डिजिटल मीडिया और सोशल मीडिया के जरिए सांसद तथा उनके परिवार के खिलाफ गंभीर आरोप लगाए, जिनका कोई तथ्यात्मक आधार नहीं है। इन आरोपों के व्यापक प्रचार-प्रसार से सांसद की व्यक्तिगत, सामाजिक और राजनीतिक छवि को नुकसान पहुंचा है। नोटिस में इसे मानहानिकारक बताते हुए तत्काल प्रभाव से सभी आपत्तिजनक सामग्री हटाने की मांग की गई है।

 

कानूनी नोटिस में यह भी कहा गया है कि विधायक सात दिनों के भीतर लिखित रूप से बिना शर्त सार्वजनिक माफी मांगें, लगाए गए सभी आरोप वापस लें और भविष्य में इस तरह के बयान देने से परहेज करें। साथ ही प्रतिष्ठा को हुई कथित क्षति के लिए दो करोड़ रुपये का हर्जाना भी देने की मांग की गई है।

 

सांसद ढुलू महतो ने कहा कि लोकतंत्र में हर व्यक्ति को अपनी बात रखने का अधिकार है, लेकिन बिना किसी तथ्य और प्रमाण के किसी व्यक्ति या उसके परिवार पर झूठे आरोप लगाना कानून और लोकतांत्रिक मर्यादाओं के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि यह कार्रवाई किसी व्यक्तिगत प्रतिशोध के तहत नहीं, बल्कि सत्य, सम्मान और कानून के शासन की रक्षा के उद्देश्य से की गई है।

 

सांसद ने स्पष्ट किया कि यदि निर्धारित सात दिनों के भीतर नोटिस की शर्तों का पालन नहीं किया गया तो विधायक अरूप चटर्जी के खिलाफ सक्षम न्यायालय में दीवानी और आपराधिक मुकदमा दायर किया जाएगा।

 

संवाददाता : राजेश कुमार

  • Related Posts

    जामताड़ा: भारतीय जनता मजदूर मंच ने नाला प्रखंड कमेटी का किया विस्तार, ब्रजकिशोर सिंह बने जिला उपाध्यक्ष

    जामताड़ा। भारतीय जनता मजदूर मंच के बैनर तले शनिवार को नाला प्रखंड कमेटी के विस्तार को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक में संगठन को मजबूत करने और मजदूरों के…

    जामताड़ा में दुर्गा पूजा-दीपावली को लेकर पुलिस-व्यापारी समन्वय बैठक, सुरक्षा व्यवस्था पर बनी रणनीति

    जामताड़ा। आगामी दुर्गा पूजा और दीपावली पर्व को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने को लेकर शनिवार को जामताड़ा टाउन थाना परिसर में पुलिस और व्यापारियों की महत्वपूर्ण समन्वय…

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *