बोकारो चास थाना क्षेत्र के जोधाडीह मोड़ पर दिनदहाड़े हुई चोरी की घटना ने लोगों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। ट्रैफिक जाम का फायदा उठाकर अज्ञात बदमाशों ने एक बाइक की डिक्की से 3.5 लाख रुपये और जरूरी कागजात से भरा झोला उड़ा लिया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पीड़ित ने मामले की शिकायत चास थाना में दर्ज कराई है, जिसके बाद पुलिस जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार, चंदनकियारी प्रखंड के खमारबेंदी निवासी दिनेश चंद्र झा ने बैंक ऑफ इंडिया से 3.5 लाख रुपये निकाले थे। यह राशि वे अपनी बेटी की शादी के बाद हुए कर्ज का भुगतान करने के लिए लेकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान जब वे जोधाडीह मोड़ स्थित जुडियो शोरूम के पास पहुंचे तो सड़क पर जाम लगा हुआ था। जाम के कारण उनकी बाइक की रफ्तार धीमी हो गई। इसी मौके का फायदा उठाकर बाइक सवार दो बदमाशों ने उनकी बाइक की डिक्की से रुपयों और महत्वपूर्ण दस्तावेजों से भरा झोला निकाल लिया और आईटीआई मोड़ की ओर फरार हो गए।
पीड़ित को घटना की जानकारी तब हुई, जब पास में मौजूद एक व्यक्ति ने आवाज लगाकर बताया कि दो युवक उनकी बाइक की डिक्की से झोला निकालकर भाग गए हैं। इसके बाद दिनेश चंद्र झा तुरंत चास थाना पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी पुलिस को दी।
दिनेश चंद्र झा ने बताया कि उन्होंने हाल ही में अपनी बेटी की शादी की थी, जिसके कारण उन पर काफी कर्ज हो गया था। उसी कर्ज को चुकाने के लिए वे बैंक से रुपये निकालकर घर लौट रहे थे। उन्होंने यह भी बताया कि वे पहले एलआईसी एजेंट के रूप में कार्य कर चुके हैं।
इधर, चास थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि पीड़ित के बयान में कुछ बिंदुओं पर स्पष्टता की जरूरत है, इसलिए सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि बदमाशों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जा सके।
संवाददाता : चंदन सिंह








