झारखंड के बोकारो में भारतीय सेना के शौर्य चक्र विजेता जवान सद्दाम हुसैन के सम्मान में सोमवार को एक विशेष समारोह का आयोजन किया गया। बोकारो परिसदन में आयोजित इस कार्यक्रम में राज्य के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए और वीर जवान को सम्मानित कर उनके साहस और देशभक्ति को सलाम किया।
हाल ही में कश्मीर में आतंकवादियों के खिलाफ बहादुरी और अदम्य साहस का परिचय देने पर भारत की राष्ट्रपति द्वारा सद्दाम हुसैन को शौर्य चक्र से सम्मानित किया गया है। इस उपलब्धि से न केवल बोकारो बल्कि पूरा झारखंड गौरवान्वित है।
समारोह को संबोधित करते हुए स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि सद्दाम हुसैन ने अपनी वीरता से पूरे देश का सिर गर्व से ऊंचा किया है। उन्होंने कहा कि देश की सुरक्षा के लिए अपना सर्वोच्च योगदान देने वाले ऐसे जवान समाज और युवाओं के लिए प्रेरणा हैं। मंत्री ने कहा कि जैसे ही उन्हें कांग्रेस कार्यकर्ताओं से इस सम्मान की जानकारी मिली, उन्होंने अपने अन्य कार्यक्रम स्थगित कर सद्दाम हुसैन को सम्मानित करने का निर्णय लिया।
डॉ. अंसारी ने कहा कि उन्हें जानकारी मिली है कि सद्दाम हुसैन के साथ कश्मीर अभियान में शामिल तमिलनाडु के एक सैनिक को वहां की राज्य सरकार ने लगभग 50 लाख रुपये की आर्थिक सहायता और एक पेट्रोल पंप प्रदान किया है। उन्होंने कहा कि वे जल्द ही झारखंड के मुख्यमंत्री से मुलाकात कर सद्दाम हुसैन को भी राज्य सरकार की ओर से विशेष सम्मान, आर्थिक प्रोत्साहन और अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराने का आग्रह करेंगे।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार को ऐसे वीर सैनिकों का सम्मान करना चाहिए ताकि युवाओं में सेना के प्रति सम्मान और देश सेवा की भावना और मजबूत हो। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने भी शौर्य चक्र विजेता सद्दाम हुसैन का तालियों की गड़गड़ाहट के साथ अभिनंदन किया।
संवाददाता: चंदन सिंह, बोकारो








