पटना में पूर्व पार्षद के घर फायरिंग और पथराव, कोर्ट में गवाही रोकने व रंगदारी के लिए हमला; CCTV में कैद हुई वारदात

पटना की दानापुर थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। सगुना बुढ़िया कुआं स्थित वार्ड-12 की पूर्व पार्षद रेणु देवी के घर पर बेखौफ बदमाशों ने फायरिंग, पथराव और तोड़फोड़ कर इलाके में दहशत फैला दी। आरोप है कि अपराधियों ने रंगदारी नहीं मिलने और कोर्ट में चल रहे मामले में गवाही रोकने के उद्देश्य से इस वारदात को अंजाम दिया।

पीड़िता रेणु देवी ने दानापुर थाने में नामजद शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि आरोपी शराब के नशे में उनके घर पहुंचे, गाली-गलौज की और विरोध करने पर पथराव के साथ ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। इतना ही नहीं, आरोपियों ने पूरे परिवार को जान से मारने, पति की हत्या करने और बेटी के अपहरण की धमकी भी दी।

रेणु देवी ने पप्पू यादव, पंचम यादव, विक्की यादव और अंकित को हमले का आरोपी बताया है। उनका दावा है कि इस पूरी साजिश का मास्टरमाइंड उपेंद्र रचिता है। उनके अनुसार कोर्ट में चल रहे एक मुकदमे में उनके पति मुख्य गवाह हैं और गवाही रुकवाने के लिए ही अपराधियों ने यह हमला किया।

पूर्व पार्षद ने बताया कि परिवार लंबे समय से भय के साये में जी रहा है। उनका कहना है कि आरोपियों ने पहले भी रंगदारी की मांग की थी और इसी दबाव के कारण उनका स्कूल बंद हो गया था। लगातार मिल रही धमकियों के चलते परिवार पिछले डेढ़ साल से घर से बाहर रह रहा है। अब पति घर से निकलने तक से डर रहे हैं।

घटना गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे की बताई जा रही है। पूरी वारदात घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस ने फुटेज के आधार पर एक संदिग्ध को हिरासत में लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है।

दानापुर थानाध्यक्ष पी.के. भारद्वाज ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने वाले किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Related Posts

वीडियो कॉल पर बेटी की शादी देख पूरी हुई आखिरी इच्छा, विदाई के कुछ देर बाद पिता ने ली अंतिम सांस

वीडियो कॉल पर बेटी की शादी देख पूरी हुई आखिरी इच्छा, विदाई के कुछ देर बाद पिता ने ली अंतिम सांस

नीतीश-आरसीपी की मुलाकात से सियासत गरम, JDU में ‘घर वापसी’ की अटकलें तेज

नीतीश-आरसीपी की मुलाकात से सियासत गरम, JDU में ‘घर वापसी’ की अटकलें तेज

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *