भागलपुर बाईपास थाना क्षेत्र के दुमका मुख्य मार्ग पर होंडा शोरूम के समीप मंगलवार को एक भीषण सड़क दुर्घटना में कार और स्कूल मैजिक वैन के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना जबरदस्त था कि कार के परखच्चे उड़ गए, जबकि स्कूल वैन में सवार दो बच्चे घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग घटनास्थल पर जुट गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों वाहन तेज रफ्तार में थे। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। वहीं स्कूल वैन में सवार बच्चों को चोटें आईं। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों घायल बच्चों को तुरंत इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार किया जा रहा है। बताया जा रहा है कि दोनों बच्चों की स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर है।
दुर्घटनाग्रस्त कार के मालिक की पहचान गुलाबबाग के हुसैनाबाद निवासी मोहम्मद आसिफ के रूप में की गई है। हादसे की सूचना मिलते ही बाईपास थाना पुलिस सक्रिय हो गई। थानाध्यक्ष चनबीर यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को अपने कब्जे में लेकर सड़क से हटवाया, जिससे यातायात व्यवस्था सामान्य हो सकी।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसकी जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही की आशंका जताई जा रही है, हालांकि वास्तविक कारणों का खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा। मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
इधर, लगातार बढ़ रही सड़क दुर्घटनाओं को लेकर स्थानीय लोगों ने चिंता व्यक्त की है। लोगों का कहना है कि दुमका मुख्य मार्ग पर वाहनों की तेज गति और यातायात नियमों की अनदेखी के कारण आए दिन हादसे हो रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से सड़क सुरक्षा के लिए सख्त कदम उठाने तथा यातायात नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने की मांग की है।





