दरभंगा जिले के तिलकेश्वर थाना क्षेत्र के महिशौत गांव में एक महिला की संदिग्ध मौत ने सनसनी फैला दी है। मृतका की पहचान 30 वर्षीय अंजली देवी के रूप में हुई है, जो गांव निवासी नंदन चौपाल की पत्नी थीं। महिला की मौत के बाद ससुराल पक्ष द्वारा बिना मायके वालों को सूचना दिए अंतिम संस्कार किए जाने की कोशिश की जा रही थी, लेकिन समय रहते मामला पुलिस तक पहुंच गया।
जानकारी के अनुसार, अंजली देवी की मौत के बाद उनके ससुराल वाले शव का दाह संस्कार कर रहे थे। इसी बीच घटना की सूचना मृतका के मायके पक्ष को मिली। परिजन तत्काल मौके पर पहुंचे और अंजली की हत्या कर साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से चोरी-छिपे अंतिम संस्कार किए जाने का आरोप लगाया। मामले की गंभीरता को देखते हुए तिलकेश्वर थाना पुलिस भी घटनास्थल पहुंच गई।
पुलिस ने जल रही चिता को पानी डालकर बुझाया और शव के अवशेषों को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। साथ ही फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम को भी मौके पर बुलाया गया है। पुलिस ने शव के अवशेषों को पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
मृतका की मां जयमाला देवी ने अपनी बेटी की हत्या का आरोप लगाते हुए कहा कि अंजली को ससुराल में प्रताड़ित किया जाता था। उनका आरोप है कि दामाद का किसी दूसरी महिला के साथ संबंध था, जिसके कारण उनकी बेटी को लगातार परेशान किया जाता था। उन्होंने दावा किया कि चार दिन पहले ही अंजली को उसका देवर मायके से ससुराल लेकर गया था और अब उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।
अंजली देवी की शादी करीब 12 वर्ष पहले हुई थी। उनके दो बेटे और एक बेटी हैं। घटना के बाद बच्चों के भविष्य को लेकर परिवार में चिंता का माहौल है। तिलकेश्वर थानाध्यक्ष केसरी नंदन राम ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। परिजनों के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।