धनबाद के तेतुलमारी स्टेशन के पास एक दर्दनाक हादसे में गया जिले के एक युवक की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। मृतक की पहचान गया जिले के टिकारी थाना क्षेत्र स्थित लाव गांव निवासी 40 वर्षीय सुबोध कुमार सिंह के रूप में हुई है। घटना के बाद इलाके में शोक की लहर है, वहीं पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
घटना तेतुलमारी रेलवे स्टेशन के समीप पोल संख्या 280/6 के पास की है, जहां अज्ञात ट्रेन की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही धनबाद जीआरपी थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पहचान की प्रक्रिया शुरू की। बाद में मृतक की पहचान सुबोध कुमार सिंह के रूप में हुई।
परिजनों के अनुसार, सुबोध शनिवार सुबह करीब 9 बजे अपने घर से निकले थे, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटे। काफी खोजबीन के बाद भी जब उनका कोई सुराग नहीं मिला, तो परिजनों ने स्थानीय थाना में गुमशुदगी की सूचना दी। इसी बीच धनबाद जीआरपी से सूचना मिली कि तेतुलमारी में एक व्यक्ति की ट्रेन से कटकर मौत हो गई है।
बताया जा रहा है कि सुबोध सूरत में प्राइवेट नौकरी करते थे और कुछ दिन पहले ही अपने गांव आए थे। परिवार वालों के मुताबिक, वह पिछले कुछ समय से पारिवारिक विवाद और घरेलू तनाव के कारण मानसिक रूप से परेशान चल रहे थे।
जानकारी के अनुसार, सुबोध बस से गया स्टेशन पहुंचे और वहां से ट्रेन पकड़कर धनबाद आए। तेतुलमारी स्टेशन के पास किसी समय वह ट्रेन की चपेट में आ गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद जीआरपी पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए धनबाद के शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेज दिया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है, ताकि घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।
संवाददाता: नीतीश कुमार
