बोकारो के चीरा चास थाना क्षेत्र में एक युवक पर जानलेवा हमला और छिनतई की सनसनीखेज घटना सामने आई है। पूरी वारदात जिम के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिससे इलाके में दहशत का माहौल है।

 

दरअसल, चास निवासी हर्ष कुमार पांडे पर उस समय हमला किया गया जब वह रोज की तरह नंदूआ स्थान स्थित बॉडी स्टेशन जिम से वर्कआउट कर बाहर निकल रहे थे। बताया जा रहा है कि एक दिन पहले जिम में कुछ युवकों द्वारा धर्म विरोधी गाना बजाया जा रहा था, जिसका हर्ष ने विरोध किया था। इसी बात को लेकर जिम के अंदर ही कहासुनी हुई थी, जिसके बाद मामला शांत हो गया था और सभी अपने-अपने घर चले गए थे।

 

लेकिन अगले दिन 1 तारीख की शाम को जब हर्ष पांडे जिम से बाहर निकले, तभी पहले से घात लगाए बैठे महताब अंसारी, आरिफ अंसारी समेत 8 से 10 अज्ञात हमलावरों ने अचानक उन पर हमला कर दिया। हमलावरों के पास लोहे की रॉड, कुल्हाड़ी, चाकू और भुजाली जैसे धारदार हथियार थे।

 

हमले में हर्ष पांडे गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके सिर और नाक से खून बहने लगा। इस दौरान बदमाशों ने उनके गले से करीब 20 ग्राम सोने की चेन भी छीन ली। मौके पर मौजूद लोगों ने किसी तरह बीच-बचाव कर हर्ष को बचाया, जिसके बाद सभी हमलावर मौके से फरार हो गए।

 

आरोप है कि जाते-जाते एक हमलावर ने पिस्तौल दिखाकर जान से मारने की धमकी भी दी। घटना के बाद पीड़ित और उसका परिवार काफी दहशत में है।

 

मामले में चीरा चास थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है। पीड़ित ने पुलिस से आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और सुरक्षा की मांग की है। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की जांच में जुटी हुई है।

 

अब देखना होगा कि पुलिस कब तक आरोपियों को गिरफ्तार कर इस सनसनीखेज मामले का खुलासा कर पाती है।

 

संवाददाता – चंदन सिंह

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *