बिहार के भागलपुर से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां ऐतिहासिक विक्रमशिला पुल का एक हिस्सा अचानक ध्वस्त हो गया। यह घटना पिलर नंबर 133 के पास हुई, जहां पुल का एक बड़ा स्लैब टूटकर सीधे गंगा नदी में जा गिरा। गनीमत यह रही कि घटना के समय उस हिस्से पर कोई वाहन या व्यक्ति मौजूद नहीं था, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

 

बताया जा रहा है कि रात करीब 12:50 बजे ट्रैफिक पुलिस और स्थानीय लोगों को पुल के बीच अचानक एक बड़े गैप बनने की जानकारी मिली। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए ट्रैफिक अधिकारियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए पुल के दोनों ओर से आवागमन बंद करा दिया। इसी बीच कुछ ही देर में पुल का एक बड़ा स्लैब टूटकर गंगा में समा गया।

 

घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी, वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार यादव सहित कई प्रशासनिक और तकनीकी अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। प्रशासन ने तत्परता दिखाते हुए पूरे क्षेत्र को घेर लिया है और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।

 

जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने बताया कि समय रहते ट्रैफिक को रोक दिए जाने के कारण किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। फिलहाल पुल के क्षतिग्रस्त हिस्से की निगरानी की जा रही है और विशेषज्ञों की टीम को बुलाया गया है, जो इस हादसे के कारणों की जांच करेगी।

 

प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि वे वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें और अफवाहों पर ध्यान न दें। इस घटना ने एक बार फिर पुलों की सुरक्षा और रखरखाव को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *