बिहार की राजधानी पटना के शास्त्री नगर थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां ललित भवन के पास एक नाबालिग लड़की का शव बरामद होने से इलाके में हड़कंप मच गया। मृतका की उम्र करीब 16 से 17 वर्ष बताई जा रही है। शव मिलने की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग घटनास्थल पर जुट गए और माहौल तनावपूर्ण हो गया।
प्रारंभिक जांच में बच्ची के गर्दन पर संदिग्ध निशान पाए गए हैं, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है। पुलिस को शक है कि लड़की की हत्या कहीं और की गई और उसके शव को यहां लाकर फेंका गया है, ताकि पहचान छिपाई जा सके। हालांकि, वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा।
घटना की सूचना मिलते ही शास्त्री नगर थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी गई। पुलिस ने घटनास्थल को सील कर साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। साथ ही फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने मौके से अहम सुराग इकट्ठा किए हैं। डॉग स्क्वायड की टीम भी जांच में जुटी हुई है और आसपास के क्षेत्रों में जांच का दायरा बढ़ाया जा रहा है।
फिलहाल मृतका की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए आईजीआईएमएस भेज दिया है। इसके अलावा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं और स्थानीय लोगों से पूछताछ की जा रही है, ताकि घटना से जुड़े सुराग मिल सकें।
इस मामले को लेकर सचिवालय-2 के एसडीपीओ साकेत कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला हत्या का प्रतीत होता है। उन्होंने कहा कि पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है और जल्द ही मामले का खुलासा करने की कोशिश की जा रही है।
घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोग इस घटना से स्तब्ध हैं और प्रशासन से जल्द से जल्द अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।
