बिहार के गया जिले में महिला सिपाही से जुड़े प्रेम प्रसंग ने पुलिस महकमे में सनसनी फैला दी। दो पुलिस वाहन चालकों के बीच चल रहा विवाद इतना बढ़ गया कि मामला गोलीबारी तक पहुंच गया। इस घटना में कोतवाली थाना का एक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि फायरिंग करने वाले आरोपी चालक को पुलिस ने मौके से ही गिरफ्तार कर लिया।

 

जानकारी के अनुसार, परैया थाना का एक प्राइवेट चालक और कोतवाली थाना का चालक, दोनों एक महिला सिपाही के संपर्क में थे। बताया जा रहा है कि महिला सिपाही से प्रेम संबंध को लेकर दोनों के बीच पिछले कई दिनों से तनाव चल रहा था। आरोपी चालक इस बात से नाराज था कि कोतवाली थाना का चालक उसी महिला सिपाही से लगातार संपर्क में रहता है, जिससे उसका प्रेम संबंध बताया जा रहा था।

 

शनिवार सुबह सिविल लाइन थाना क्षेत्र के पितामहेश्वर इलाके में आरोपी चालक ने घात लगाकर कोतवाली थाना के चालक पर हमला कर दिया। आरोपी ने देसी कट्टे से गोली चला दी, जो घायल चालक के सीने के ऊपरी हिस्से में जा लगी। गोली लगते ही वह गंभीर रूप से घायल हो गया, लेकिन हिम्मत दिखाते हुए किसी तरह कोतवाली थाना पहुंचा और थानाध्यक्ष को पूरी घटना की जानकारी दी।

 

घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली और सिविल लाइन थाना की पुलिस टीम तुरंत सक्रिय हो गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया। बताया जा रहा है कि महिला सिपाही भी सिविल लाइन थाना क्षेत्र में किराए के मकान में रहती है।

 

घायल चालक को पहले जयप्रकाश नारायण अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया गया। फिलहाल चिकित्सकों की निगरानी में उसका इलाज जारी है।

 

सिविल लाइन थानाध्यक्ष ने बताया कि आरोपी परैया थाना का प्राइवेट चालक है और पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है। गया के सिटी एसपी कोटा किरण कुमार ने भी पुष्टि करते हुए कहा कि प्रथम दृष्टया मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा प्रतीत होता है।

 

उन्होंने कहा, “पूरे मामले की छानबीन की जा रही है। मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा हुआ है। घायल चालक का इलाज अस्पताल में चल रहा है।”

 

फिलहाल पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि आरोपी के पास अवैध हथियार कहां से आया। घटना ने पूरे पुलिस विभाग में चर्चा का विषय बना दिया है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *