बिहार के मधुबनी जिले से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है, जहां पहली बारिश के बाद एक ही परिवार के दो मासूम बच्चों की डूबने से मौत हो गई। यह हादसा रहिका थाना क्षेत्र के मलंगिया गांव में हुआ, जिसके बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।
बताया जा रहा है कि गांव के पास जेसीबी मशीन से एक गड्ढा खोदा गया था, जिसमें बारिश का पानी भर गया था। यही गड्ढा दो मासूम बच्चों के लिए काल बन गया। स्थानीय लोगों के अनुसार, दोनों बच्चे अपनी मां के साथ कमला नहर के पास खेत में गए थे। मां खेत में काम करने लगी, जबकि बच्चे पास में खेल रहे थे। इसी दौरान खेलते-खेलते दोनों बच्चे फिसलकर पानी से भरे गड्ढे में गिर गए।
जब तक किसी को घटना की जानकारी मिलती, तब तक काफी देर हो चुकी थी। ग्रामीणों ने तुरंत दोनों बच्चों को पानी से बाहर निकाला, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। इस दर्दनाक घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है। मृतक बच्चों के पिता श्यामलाल महतो के लिए यह किसी पहाड़ टूटने से कम नहीं है, क्योंकि उन्होंने अपने दोनों बेटों को एक साथ खो दिया।
स्थानीय लोगों का यह भी कहना है कि हादसे के बाद परिजन बच्चों को अस्पताल ले जाने के बजाय अंधविश्वास के चलते झाड़-फूंक कराने ले गए, जिससे इलाज में देरी हुई और दोनों की जान चली गई।
घटना की सूचना मिलते ही रहिका थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। थाना अध्यक्ष आनंद कश्यप ने बताया कि दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिए जाएंगे।
गौरतलब है कि पिछले हफ्ते भी मधुबनी जिले में डूबने से एक बच्चे की मौत हो चुकी है। लगातार हो रही ऐसी घटनाएं प्रशासन और समाज दोनों के लिए गंभीर चिंता का विषय बनती जा रही हैं।
