दरभंगा में एक सनसनीखेज हत्या की वारदात सामने आई है, जहां एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान मो. अरमान के रूप में हुई है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है, वहीं पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।
जानकारी के मुताबिक, लहेरियासराय थाना क्षेत्र के भीगो नया टोला स्थित बांध किनारे बगीचे के पास रविवार अहले सुबह स्थानीय लोगों ने एक युवक का शव देखा। टहलने निकले लोगों की नजर जैसे ही शव पर पड़ी, इलाके में हड़कंप मच गया। इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस टीम के साथ एफएसएल की टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया और सबूत जुटाए।
मृतक अरमान अशोक पेपर मिल थाना क्षेत्र के सिरनिया गांव का रहने वाला था। परिजनों के अनुसार, यह मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा हो सकता है। मृतक के मामा मो. परवेज ने बताया कि शुक्रवार को अरमान एक लड़की से मिलने होटल गया था। उसी दौरान नाका नंबर 6 के पास कुछ युवकों ने उसके साथ मारपीट भी की थी और परिवार से पैसे मंगवाने की बात कही गई थी।
बताया जा रहा है कि शनिवार रात करीब 8 बजे अरमान की परिजनों से आखिरी बार बातचीत हुई थी, जिसमें उसने दो हजार रुपये मंगवाए थे। इसके बाद उसका मोबाइल बंद हो गया। रविवार सुबह परिजनों ने उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई, लेकिन इसी बीच उसकी लाश बरामद हो गई।
पुलिस के अनुसार, युवक की गोली मारकर हत्या की गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों के बयान के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक लड़की, उसकी बहन और एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
डीएसपी राजीव कुमार ने बताया कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा। वहीं, परिजन दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
