सहरसा पुलिस ने पस्तपार थाना क्षेत्र में 16 अप्रैल को हुई उषा देवी हत्याकांड का सफल खुलासा करते हुए आरोपी प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार प्रेम प्रसंग, पैसों की मांग और संबंध उजागर करने की धमकी इस हत्या की मुख्य वजह बनी। आरोपी ने पूछताछ में अपना जुर्म कबूल कर लिया है।
मृतका की पहचान पस्तपार थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर 12 निवासी लड्डू कुमार मंडल की 30 वर्षीय पत्नी उषा देवी के रूप में हुई थी। बताया गया कि 16 अप्रैल को उषा देवी अचानक लापता हो गई थीं। काफी खोजबीन के बाद भी उनका पता नहीं चलने पर 17 अप्रैल को मृतका के पिता ने पस्तपार थाना में गुमशुदगी की प्राथमिकी दर्ज कराई।
उसी दिन उषा देवी का शव घर से लगभग डेढ़ किलोमीटर दूर एक मकई के खेत में लावारिस हालत में बरामद किया गया। शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और परिजनों में कोहराम मच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए सहरसा पुलिस अधीक्षक हिमांशु के निर्देश पर सदर एसडीपीओ आलोक कुमार के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम का गठन किया गया।
तकनीकी और वैज्ञानिक अनुसंधान के आधार पर पुलिस ने 2 मई को पस्तपार थाना क्षेत्र के लहोना गांव में छापेमारी कर आरोपी मोहम्मद शाहिद को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने हत्या की पूरी साजिश का खुलासा करते हुए अपना अपराध स्वीकार कर लिया।
आरोपी ने बताया कि उषा देवी के साथ उसका कई महीनों से प्रेम संबंध था। मृतका लगातार उससे पैसे की मांग कर रही थी और संबंध की जानकारी परिवार को देने की धमकी भी दे रही थी। इसी तनाव और विवाद से परेशान होकर उसने हत्या की योजना बनाई और उषा देवी की हत्या कर दी।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन और मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है। सदर एसडीपीओ आलोक Kumar ने बताया कि आरोपी का आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके खिलाफ जिले के विभिन्न थानों में लूट, डकैती, चोरी और हत्या समेत सात गंभीर मामले पहले से दर्ज हैं।
फिलहाल पुलिस ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है और मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।
