धनबाद जिले के बरवाअड्डा थाना की कार्यशैली एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई है। थाना में पदस्थापित दारोगा नवल किशोर सिंह पर पक्षपात, रिश्वत मांगने और जबरन कार्रवाई करने जैसे गंभीर आरोप लगे हैं। मामला बरवाअड्डा थाना क्षेत्र के गोरगा इलाके का है, जहां करीब दो महीने पहले जमीन विवाद को लेकर एक ही परिवार के बीच मारपीट हुई थी। इस घटना में आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हुए थे और दोनों पक्षों की ओर से थाने में शिकायत दर्ज कराई गई थी।

 

पीड़ित पक्ष के बिनोद साव ने आरोप लगाया है कि दारोगा नवल किशोर सिंह दूसरे पक्ष से सांठगांठ कर एकतरफा कार्रवाई कर रहे हैं। उनका कहना है कि पुलिस लगातार उनके परिवार को परेशान कर रही है और मामले को ‘मैनेज’ करने के नाम पर 50 हजार रुपये की मांग की गई। पैसे नहीं देने पर कार्रवाई की धमकी भी दी गई।

 

आरोप है कि शुक्रवार सुबह दारोगा मटन दुकान पर पहुंचे और जब बिनोद साव ने पैसे देने से इनकार किया तथा मामला न्यायालय में लंबित होने की बात कही, तो उन्हें जबरन हिरासत में लेने की कोशिश की गई। इसके लिए पेट्रोलिंग वाहन बुलाया गया। विरोध करने पर बिनोद साव, उनके परिजनों और नाबालिग बेटे पर सरकारी कार्य में बाधा डालने का मामला दर्ज कर दिया गया।

 

पीड़ित परिवार ने महिलाओं के साथ दुर्व्यवहार का भी आरोप लगाया है और न्याय की गुहार लगाते हुए संबंधित दारोगा के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। अब यह मामला जांच का विषय बन गया है और प्रशासन की कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हैं।

 

संवाददाता: नीतीश कुमार, धनबाद

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *