बिहार के नालंदा जिले में जमीन कब्जा मामले को लेकर पूर्व आरजेडी विधायक नौशाद उन नबी उर्फ पप्पू खां के आवास पर पुलिस ने छापेमारी की है। यह कार्रवाई बिहार शरीफ विधानसभा क्षेत्र के गढ़पर इलाके में स्थित उनके घर पर की गई, जहां सदर डीएसपी-2 संजय कुमार जायसवाल के नेतृत्व में कई थानों की संयुक्त पुलिस टीम पहुंची।

जानकारी के अनुसार, इस छापेमारी में वेना, रहुई, हरनौत, चेरो और बिहार थाना की पुलिस शामिल थी। हालांकि जब पुलिस टीम मौके पर पहुंची, तब पूर्व विधायक और उनकी पत्नी आफरीन सुल्ताना घर पर मौजूद नहीं थे। पुलिस ने घर की तलाशी ली, लेकिन दोनों के नहीं मिलने पर टीम को खाली हाथ लौटना पड़ा।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक यह कार्रवाई वेना थाना में दर्ज एक जमीन कब्जा मामले के तहत की गई है। जांच के दौरान आरोपों को सही पाया गया है, जिसके बाद अदालत के आदेश पर दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। सदर डीएसपी-2 संजय कुमार जायसवाल ने बताया कि पूर्व विधायक और उनकी पत्नी पर साजिश के तहत फर्जी दस्तावेज तैयार कर दूसरे की जमीन अपने नाम कराने और उस पर जबरन कब्जा करने का गंभीर आरोप है।

बताया जा रहा है कि इस पूरे विवाद की जड़ साल 2020-21 में हुआ एक जमीन सौदा है। आरोप है कि पप्पू खां ने सुनियोजित तरीके से फर्जी कागजात तैयार कर कीमती जमीन की रजिस्ट्री अपनी पत्नी के नाम करा ली थी। इस मामले में पीड़ित पक्ष ने साल 2023 में प्राथमिकी दर्ज कराई थी, जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की।

फिलहाल पुलिस का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी लगातार जारी रहेगी और कानून के तहत आगे की सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई के बाद इलाके में चर्चा तेज हो गई है और मामले ने एक बार फिर राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में हलचल बढ़ा दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *