बिहार के सहरसा से बड़ी खबर सामने आई है, जहां सदर अस्पताल में इलाज के दौरान एक महिला मरीज की मौत के बाद जमकर हंगामा हुआ। परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए न्याय की मांग की है।
मृतका की पहचान महिषी थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर 1 निवासी निशांत सौरभ की 30 वर्षीय पत्नी प्रिया उर्फ पुतुल झा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि पुतुल झा को 20 अप्रैल को महिषी पीएचसी से बेहतर इलाज के लिए सहरसा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
परिजनों के अनुसार, ऑपरेशन के बाद जच्चा और बच्चा दोनों सुरक्षित थे और परिवार को किसी बड़े खतरे की आशंका नहीं थी। लेकिन गुरुवार से ही पुतुल झा की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। शुक्रवार सुबह उन्होंने पेट और छाती में तेज दर्द की शिकायत की, जिसके बाद उनकी हालत तेजी से गंभीर हो गई।
परिजनों का आरोप है कि समय पर उचित इलाज और निगरानी नहीं होने की वजह से उनकी मौत हो गई। मृतका के पिता देवनाथ झा ने कहा कि अगर डॉक्टरों ने समय रहते सही इलाज किया होता, तो उनकी बेटी की जान बच सकती थी। उन्होंने इस मामले में लिखित शिकायत देने की बात भी कही है।
घटना के बाद गुस्साए परिजनों ने सदर अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा किया। अस्पताल में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। परिजन दोषी डॉक्टरों और अस्पताल कर्मियों पर कार्रवाई की मांग कर रहे थे।
सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को शांत कराया। पुलिस ने परिजनों से बातचीत कर मामले को नियंत्रित किया।
वहीं, अस्पताल प्रशासन ने भी मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित डॉक्टर से स्पष्टीकरण मांगा है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
