बोकारो में मजदूरों के हितों को लेकर प्रस्तावित अनिश्चितकालीन हड़ताल फिलहाल टल गई है। जिला कांग्रेस कमेटी और इलेक्ट्रो स्टील वेदांत प्रबंधन के बीच हुई त्रिपक्षीय वार्ता के बाद 27 अप्रैल से होने वाली हड़ताल को वापस ले लिया गया है। इस फैसले से फिलहाल कंपनी के संचालन और मजदूरों के कामकाज पर मंडरा रहा संकट टल गया है।

 

दरअसल, बोकारो जिला कांग्रेस कमेटी ने मजदूरों की विभिन्न समस्याओं को लेकर जिला प्रशासन के माध्यम से उपायुक्त को 9 सूत्री मांग पत्र सौंपा था। इन मांगों में श्रमिकों के वेतन, सुरक्षा, स्थायी नियुक्ति, कार्यस्थल पर सुविधाएं और श्रम कानूनों के पालन जैसे महत्वपूर्ण मुद्दे शामिल थे। मांगों पर संतोषजनक कार्रवाई नहीं होने के कारण कांग्रेस ने 27 अप्रैल से कंपनी के खिलाफ अनिश्चितकालीन हड़ताल का ऐलान किया था।

 

मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला श्रम पदाधिकारी यानी डीएलसी की पहल पर इलेक्ट्रो स्टील वेदांत के सीईओ, कांग्रेस प्रतिनिधियों और श्रम विभाग के अधिकारियों के बीच लगातार दो दिनों तक त्रिपक्षीय वार्ता आयोजित की गई। इस बैठक में मजदूरों की समस्याओं और मांगों पर विस्तार से चर्चा हुई।

 

जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जवाहरलाल महतो ने बताया कि वार्ता के दौरान कंपनी प्रबंधन ने सभी मांगों के समाधान के लिए तीन महीने का समय मांगा है। प्रबंधन ने भरोसा दिलाया है कि इस अवधि में श्रमिकों से जुड़े मुद्दों पर सकारात्मक पहल की जाएगी। इसी आश्वासन के बाद फिलहाल हड़ताल को स्थगित कर दिया गया है।

 

हालांकि कांग्रेस ने साफ चेतावनी भी दी है कि यदि तय समय सीमा के भीतर समस्याओं का समाधान नहीं हुआ, तो कंपनी के खिलाफ अनिश्चितकालीन चक्का जाम और आंदोलन और भी तेज किया जाएगा।

 

वहीं, कंपनी के सीईओ ने कहा कि वार्ता सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हुई है और मजदूरों की सभी जायज मांगों पर सकारात्मक कदम उठाए जाएंगे। डीएलसी ने भी पुष्टि की है कि सहमति बनने के बाद फिलहाल हड़ताल टाल दी गई है।

बोकारो से चंदन की रिपोर्ट

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *